Sonbhadra : घाघरा नदी पर बन रहे सेतु पर डीएम की सख्ती, औचक निरीक्षण में गुणवत्ता पर कड़ा रुख

निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने सामग्री की थर्ड पार्टी से जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था निर्माण की विश्वसनीयता को मजबूत करेगी

Update:2026-05-05 18:25 IST

Sonbhadra: जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में पटवध-बसुआरी प्रमुख जिला मार्ग पर घाघर नदी पर बन रहे सेतु का जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने औचक निरीक्षण कर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और मौके पर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कार्यदायी संस्था में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।

जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर पहुंचते ही कार्य की स्थिति, उपयोग की जा रही सामग्री और तकनीकी मानकों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सेतु निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री का प्रयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अभियंताओं और कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए।


थर्ड पार्टी जांच से होगी गुणवत्ता की पुष्टि

निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने सामग्री की थर्ड पार्टी से जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था निर्माण की विश्वसनीयता को मजबूत करेगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में समय रहते कार्रवाई संभव हो सकेगी।

गड़बड़ी मिलने पर तय होगी जिम्मेदारी

डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जांच के दौरान गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी तय कर दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


जनहित से जुड़ा अहम प्रोजेक्ट, नहीं चलेगी ढिलाई

जिलाधिकारी ने कहा कि यह सेतु क्षेत्र के विकास, आवागमन की सुविधा और आम जनता की जरूरतों से सीधे जुड़ा हुआ है। ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी तरह की ढिलाई या उदासीनता क्षम्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने तथा तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अपर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी जय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News