Sonbhadra News: सोनभद्र में स्वगणना महाअभियान की तैयारी तेज, 7 से 21 मई तक जागरूकता ड्राइव

Sonbhadra News: सोनभद्र में 7 से 21 मई तक चलने वाले स्वगणना महाअभियान को लेकर डीएम ने सख्त निर्देश दिए हैं।

Update:2026-05-05 18:58 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद में प्रस्तावित स्वगणना महाअभियान को प्रभावी, पारदर्शी और जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जनसुनवाई कक्ष में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देते हुए जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा किया गया। डीएम ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि 7 मई से 21 मई तक चलने वाले इस अभियान को हर हाल में सफल बनाया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक में एनटीपीसी रिहंद, एनसीएल ककरी, अल्ट्राटेक, हिंडालको और ग्रासिम इंडस्ट्रीज सहित प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने इन संस्थानों को निर्देशित किया कि उनके आवासीय परिसरों में रहने वाले परिवारों के मुखिया मोबाइल के माध्यम से स्वयं स्वगणना प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि तकनीक के जरिए यह प्रक्रिया सरल और सुलभ है, इसलिए अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने शिक्षा विभाग की भूमिका को भी अहम बताते हुए कहा कि डिग्री कॉलेजों, इंटर कॉलेजों और आईटीआई संस्थानों के छात्र-छात्राओं को स्वगणना की विधि का प्रशिक्षण दिया जाए। ये छात्र अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर अभियान को गति देंगे। इसके साथ ही आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, शिक्षक, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक और स्वयं सहायता समूहों की सखियों को भी इस मुहिम से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

प्रचार-प्रसार को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया, प्रचार वाहनों और जनसंपर्क के अन्य माध्यमों से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सीधी भागीदारी का माध्यम है, जिससे भविष्य की योजनाओं को सटीक दिशा मिलेगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, जनगणना अधिकारी प्रियांशा सिंह, सहायक अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News