Sonbhadra News: आंधी-तूफान के बाद अलर्ट मोड में प्रशासन, डीएम चर्चित गौड़ ने अफसरों को दिए राहत और बिजली बहाली के सख्त निर्देश

Sonbhadra News: सोनभद्र में आंधी-तूफान के बाद जनजीवन सामान्य करने के लिए डीएम चर्चित गौड़ ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। बिजली बहाली, क्षति का आंकलन और प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है।

Update:2026-05-15 18:37 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जिले में 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। जनजीवन को सामान्य बनाने और प्रभावित लोगों तक त्वरित राहत पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि आंधी-तूफान के कारण हुई पशुहानि, मकानों को पहुंचे नुकसान और अन्य क्षति का आंकलन तेजी से पूरा किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को शासन की मंशा के अनुरूप जल्द सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आंधी-तूफान के चलते कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंताओं को तत्काल बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टूटे हुए विद्युत खंभों और क्षतिग्रस्त लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए तथा सभी क्षेत्रों में जल्द से जल्द निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आमजन से भी अपील की कि बिजली या अन्य जरूरी सेवाओं से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना संबंधित अधिकारियों को तत्काल दें, जिससे समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जा सके।

उन्होंने पेयजल व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम ने अधिकारियों को लगातार फील्ड में रहकर निगरानी करने और राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनसामान्य को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

Tags:    

Similar News