Sonbhadra News: आंधी-तूफान से चरमराई बिजली व्यवस्था, 600 पोल और 96 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त

Sonbhadra News: सोनभद्र में आए आंधी-तूफान से 600 पोल और 96 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। बिजली विभाग ने कई क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी है, शेष फीडरों पर काम जारी है।

Update:2026-05-15 17:48 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: बीते बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने जनपद की विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते जगह-जगह बिजली के पोल टूट गए, ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए और कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि विद्युत विभाग ने आपदा के बाद मोर्चा संभालते हुए दिन-रात राहत और बहाली कार्य शुरू कर दिया है।विद्युत विभाग के अनुसार 13 मई 2026 को शाम करीब 5:30 बजे आए तेज तूफान के कारण जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि करीब 600 विद्युत पोल धराशायी हो गए, जबकि विभिन्न क्षमता के 96 ट्रांसफार्मर भी पोलों से गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए। कई स्थानों पर इन्सुलेटर टूटने और तार क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित हो गई।

33/11 केवी उपकेंद्रों की आपूर्ति हुई सामान्य

अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड रॉबर्ट्सगंज ने बताया कि जनपद के अंतर्गत आने वाले सभी 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति शुक्रवार सुबह 8 बजे तक सामान्य कर दी गई है। इसके बाद विभागीय टीमों द्वारा उपकेंद्रों से निकलने वाले 11 केवी फीडरों की लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।उन्होंने बताया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश लाइनों पर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। जिन इलाकों में अब भी बिजली व्यवस्था प्रभावित है, वहां युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी है। विभाग का दावा है कि शेष फीडरों की आपूर्ति भी जल्द बहाल कर दी जाएगी।

रातभर पोल खड़े करने और लाइन दुरुस्त करने में जुटे कर्मचारी

तूफान के बाद बिजली विभाग की टीमें लगातार फील्ड में डटी रहीं। कई स्थानों पर टूटे पोल हटाने, नए पोल लगाने और ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य देर रात तक चलता रहा। ग्रामीण इलाकों में सड़क किनारे गिरे बिजली के तारों को हटाकर लाइन दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है।विभागीय अधिकारियों के मुताबिक आपूर्ति बहाल करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों और तकनीकी टीमों को भी लगाया गया है ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

विद्युत विभाग ने आमजन से अपील की है कि आपदा की इस स्थिति में धैर्य बनाए रखें और क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों, पोलों तथा विद्युत उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखें। विभाग ने कहा है कि कहीं भी टूटे तार या क्षतिग्रस्त लाइन दिखाई देने पर तत्काल बिजली विभाग को सूचना दें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Tags:    

Similar News