Sonbhadra News : सोनभद्र में आंधी-बारिश पीड़ित परिवारों को 24 घंटे में मिली राहत राशि

Sonbhadra News : सोनभद्र में आंधी-बारिश से मृतकों के परिजनों को प्रशासन ने 24 घंटे में पहुंचाई 4-4 लाख की राहत राशि

Update:2026-05-14 19:57 IST

 Sonbhadra News

Sonbhadra News :  जनपद में बीते दिनों आई तेज आंधी और हल्की बारिश ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं, लेकिन इस मुश्किल घड़ी में जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए पीड़ित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने का कार्य किया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर राज्य आपदा मोचक निधि से मृतकों के परिजनों के खातों में 4-4 लाख रुपये की अहेतुक सहायता राशि महज 24 घंटे के भीतर भेज दी गई।

प्रशासन ने दिखाई तेजी, तत्काल पूरी कराई औपचारिकताएं

आंधी और बारिश के दौरान हुई जनहानि के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पंचनामा और पोस्टमार्टम जैसी जरूरी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को राहत राशि प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।निर्देश मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और युद्धस्तर पर कार्यवाही करते हुए सहायता राशि वितरण की प्रक्रिया पूरी कराई गई। प्रशासन की इस त्वरित कार्यशैली की आमजन भी सराहना कर रहे हैं।

पीड़ित परिवारों तक पहुंचे अधिकारी, बंधाया ढांढस

रॉबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र में हुई घटना में मृतक महेंद्र के घर पहुंचकर अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात की और शासन की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। अधिकारियों ने कहा कि पीड़ित परिवारों को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।वहीं ओबरा तहसील के ग्राम हर्रा निवासी मृतका कमलावती के मामले में प्रशासन ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई। मृतका के पति रामनरेश चेरो का बैंक खाता पहले से नहीं था। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल बैंक खाता खुलवाकर सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया पूरी कराई, ताकि आर्थिक सहायता में किसी प्रकार की देरी न हो।

इन परिवारों को मिली राहत सहायता

आंधी और बारिश से हुई घटनाओं में जिन लोगों की मृत्यु हुई, उनमें —

महेंद्र पुत्र कल्लू, निवासी ग्राम खडुई, तहसील रॉबर्ट्सगंज

रामविलास पुत्र रामजनम, निवासी ग्राम डोमरिया, विजयगढ़, तहसील रॉबर्ट्सगंज

कमलावती पत्नी रामनरेश चेरो, निवासी ग्राम हर्रा, तहसील ओबरा

शामिल हैं। तीनों मृतकों के परिजनों के खातों में राज्य आपदा मोचक निधि से 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि भेजी गई।

मानवीय दृष्टिकोण के साथ हुई पूरी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को मानवीय संवेदनाओं के साथ पूरा कराया। शासन की मंशा के अनुरूप पीड़ित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने के लिए अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी। प्रशासन की सक्रियता से प्रभावित परिवारों को कठिन समय में बड़ी राहत मिली है।

Tags:    

Similar News