Sonbhadra: आसमान से टूटी मौत: आम बिनने गईं दो मासूमों की बिजली गिरने से दर्दनाक मौत

Sonbhadra News: सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में आंधी-बारिश के दौरान आम बिन रही दो मासूम बच्चियों की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा घायल हो गया।

Update:2026-05-02 22:24 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News: जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के चौना गांव में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। आंधी-बारिश के बीच आम बिनने गईं दो मासूम बच्चियां आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास में खड़ा एक अन्य बच्चा घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, चौना गांव निवासी अर्चना (9) पुत्री विष्णु दयाल और आस्था (8) पुत्री राजेश कुमार शाम के समय घर के पास लगे आम के पेड़ों के नीचे गिरे फलों को बटोर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी चलने लगी। आंधी के साथ ही बारिश शुरू हो गई और आसमान में तेज गर्जना के साथ बिजली चमकने लगी।परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चियां अलग-अलग आम के पेड़ों के नीचे खड़ी होकर आम बिन रही थीं। तभी अचानक तेज कड़क के साथ बिजली सीधे पेड़ पर गिर पड़ी। बिजली की चपेट में आते ही दोनों बच्चियां जमीन पर गिर गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह मंजर इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

घटना के समय पास में मौजूद हर्ष (12) पुत्र देवनारायण भी झटके की चपेट में आकर गिर पड़ा, जिससे उसका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। उसे तत्काल परिजनों द्वारा उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम बच्चियों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।थानाध्यक्ष डीपी यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News