बेटे ने पिता को दोस्त संग मिलकर पीटा, वीडियो वायरल — पुलिस ने दोनों पक्षों को लिया हिरासत में
Sonbhadra News : सोनभद्र में बेटे ने पिता को दोस्त के साथ मिलकर पीटा, वीडियो वायरल; पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया, मामला घरेलू विवाद
Sonbhadra Son Beats Father with Friend ( Image From Social Media )
Sonbhadra News : रिश्तों की पवित्रता को तार-तार करने वाली एक हैरान कर देने वाली घटना ने पूरे जनपद को झकझोर दिया है। अनपरा थाना क्षेत्र के सिनेमा रोड से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से पिटाई की। बेटा न केवल अपने पिता पर लाठी-डंडे से टूट पड़ा, बल्कि उसे घर से भी निकाल दिया। यह पूरा घटनाक्रम किसी पड़ोसी ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुखाड़ी महतो पुत्र रामदास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पुत्र उपेन्द्र मेहता ने अपने दोस्त गुड्डू मेहता के साथ मिलकर उसकी गर्दन दबाई और लाठी-डंडों से मारपीट की। वृद्ध पिता का आरोप है कि बेटे ने किसी पारिवारिक विवाद को लेकर पहले उसे छत पर बुलाया और फिर अपने साथी के साथ मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। पड़ोसीयों ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने बीच-बचाव किया और किसी ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद अनपरा पुलिस तत्काल हरकत में आई और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच में सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस पिता ने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटे के हाथों उसकी पिटाई होते देखना बेहद दर्दनाक है। इस घटना ने न सिर्फ समाज को झकझोर दिया है बल्कि रिश्तों की मर्यादा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में मेडिकल परीक्षण कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि आधुनिकता की दौड़ में कहीं इंसान रिश्तों की मूल भावना तो नहीं खो रहा है।