चन्नी पर ख़ूब बरसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, UP-बिहार वाले बयान पर कहा- जब चन्नी बोल रहे थे, प्रियंका गांधी ताली बजा रही थी'

लखनऊ में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष टंडन के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर उनके यूपी-बिहार वाले बयान को लेकर तीखा प्रहार किया।

Published By :  Bishwajeet Kumar
Written By :  Shashwat Mishra
Update:2022-02-19 22:15 IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (फाइल तस्वीर)

लखनऊ: देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह 'चन्नी' (Charanjit Singh Channi) के उत्तर प्रदेश और बिहार वालों को लेकर दिए गए बयान पर ख़ूब बिफरे। राजनाथ सिंह ने कहा कि "चरणजीत सिंह 'चन्नी' ने जब यह बयान दिया कि उत्तर प्रदेश और बिहार वालों को पंजाब से खदेड़ देंगे। चन्नी जब बोल रहे थे, तब वहां पर प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) खड़ी होकर ताली बजा रही थी।"

आशुतोष टण्डन के दामन पर नहीं लगा सकता, कोई लांछन

लखनऊ के पत्रकारपुरम चौराहे पर जनसभा करने पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष टण्डन (Ashutosh Tandon) की तारीफ़ों में जमकर पुलिंदे बांधे। उन्होंने कहा कि "मैं लखनऊ से सांसद हूँ। लेकिन, ज़्यादा समय नहीं दे पाता हूँ। हमारे यहां काम बंटा नहीं है। हम सब जनहित के लिए हमेशा तत्पर हैं।"

उन्होंने कैबिनेट मंत्री आशुतोष टण्डन की सराहना करते हुए कहा कि "कोई उंगली उठाकर यह नहीं कह सकता कि उन्होंने भ्रष्टाचार किया है। उनके दामन पर लांछन नहीं लगा सकते। किसी से कोई कड़वी बात नहीं की। किसी को उपेक्षित नहीं किया। लखनऊ में कितना काम हुआ है, नहीं हुआ है। इसे सभी लखनऊ वासी अच्छी तरह से जानते हैं।"

दो चरणों में भाजपा की स्थिति 2017 जैसी

राजनाथ सिंह ने कहा कि "दो चरणों के चुनाव में भाजपा को कमोबेश उतनी ही सीट मिल रही है, जितनी 2017 के चुनाव में मिली थी। भाजपा किसी के भरोसे को नहीं तोड़ती। हमारी पार्टी जो बोलती है, वो करती है। हमारी कथनी-करनी में कोई अंतर नहीं है। भाजपा ने क़भी विश्वास तोड़ने का काम नहीं किया।"

रक्षा मंत्री ने लखनऊ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि "2014, 2017, 2019 के घोषणापत्र में हमने जो लिखा, वो करके दिखाया। 1951 में हमने कहा था कि जब भाजपा को बहुमत मिल जाएगा, तब धारा-379 को हटा देंगे। हमने वो करके दिखाया। पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में रहने वाले भारतीय मूल के हिन्दू, सिक्ख और यहूदियों को भारतीय नागरिकता दी जाएगी। मैंने ख़ुद नागरिकता कानून बनाया।"

पूरे दुनिया में भारत की हैसियत बढ़ी

राजनाथ सिंह ने कहा कि "भारत ने पूरे विश्व को 'वसुधैव कुटुम्बकम' का भाव सिखाया। हम समाज को बांटकर सरकार नहीं बनाना चाहते। हम देश व समाज को बनाने के लिये सरकार बनाते हैं। पूरे दुनिया में भारत की हैसियत बढ़ गई है। उरी और पुलवामा में कायराना काम क़िया। गृहमंत्री होते हुए मैंने उन शहीदों को कंधा दिया। सेना के बहादुर जवानों ने पाकिस्तान के अंदर जाकर सर्जिकल स्ट्राइक (surgical strike) की। हम बाउंड्री के इस पार भी मार सकते हैं, उस पार भी।"

भारतीय जवानों ने 38-50 चीनी सैनिक मारे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पार्टी (Congress Party) पर निशाना साधते हुए कहा कि चाइना से संबंध कांग्रेस ने बनाये। उनके कार्यकाल में चीन से सम्बंध स्थापित करने के लिए सारे कार्य किये गए। उन्होंने कहा कि "गलवान घाटी में हुए संघर्ष को ऑस्ट्रेलिया के खोजी पत्रकार ने अपने अखबार में लिखा कि भारत और चीन के जवानों के बीच जो संघर्ष हुआ था, उसमें चीन के 38-50 जवानों को भारतीय सैनिकों ने मारा।"

Tags:    

Similar News