कोरोना से मृत आत्माओं की शांति के लिए विहिप व बजरंगदल ने घर-घर किया यज्ञ
कोविड-19 संक्रमण के कारण लोगों की मौत हो रही है। यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।;
कोरोना से मृत आत्माओं की शांति के लिए यज्ञ करते विहिप और बजरंगदल के लोग (फोटो साभार-सोशल मीडिया)
वाराणसी। इन दिनों बड़ी संख्या में कोविड-19 संक्रमण के कारण लोगों की मौत हो रही है। यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसके प्रकोप को कम करने के उद्देश्य से और जिन लोगों की इसके कारण मौत हो चुकी है, उनकी आत्मा की शांति के लिए विश्व हिन्दू परिषद व युवा इकाई बजरंगदल ने गुरुवार को घर-घर यज्ञ अनुष्ठान कराया। सभी ने यज्ञ में आहुतियां देकर देश भर में कोरोना से मृतकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
वैदिक मंत्रोचार के साथ हवन पूजन
बजरंगदल के महानगर संयोजक निखिल त्रिपाठी 'रुद्र' ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर बेहद खतरनाक है। उनके बीच के तमाम लोग आज इस दुनिया में नहीं हैं और लगातार यह कोरोना कहर बरपा रहा है। इसलिए आज एक बड़े यज्ञ का आयोजन किया गया है। वहीं बजरंगदल के प्रमुख लोगों ने हनुमान मंदिर कुटी सरायमोहाना में विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन यज्ञ का अनुष्ठान किया।
कोरोना का जारी है कहर
पूरे देश के साथ वाराणसी में भी कोरोना का कहर जारी है। कोरोना के चलते चार हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि लगभग एक लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। कोरोना से मृत सैकड़ों लोगों के शव गंगा में उतराये हुए मिले थे। मृतकों की आत्मा की शांति के लिए लिए विहिप और बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने यज्ञ का आयोजन किया गया।