Varanasi News : लिथुआनिया के हेनरिक बने केशव, जानिए कैसे एक सड़क दुर्घटना ने बना दिया सनातनी?

Varanasi News : काशी के ब्रह्म निवास मठ में लिथुआनिया के नागरिक हेनरिक्स ने ईसाई धर्म को छोड़ कर सनातन धर्म में घर वापसी की।

Newstrack :  Network
Update:2024-10-17 21:23 IST

Varanasi News : मान्यता है कि सनातन धर्म सबसे पुराना धर्म है। इसके विचारों, परम्परा और संस्कृति से देश और दुनिया के तमाम लोग प्रभावित हो रहे हैं। देश और विदेश की कई नामचीन हस्तियां प्रभावित ही नहीं हो रहीं है, बल्कि सनातन धर्म को अपना भी रहीं हैं। इसमें कई क्रिश्चियन और मुस्लिम समाज के लोग भी हैं, जो बाकायदा अपने धर्म को त्याग करके सनातन की दीक्षा ले रहे हैं। ताजा उदाहरण लिथुआनिया के नागरिक हेनरिक्स का है, जिन्होंने गुरुवार को काशी के ब्रह्म निवास मठ में ईसाई धर्म को छोड़ कर सनातन धर्म में घर वापसी की।

लिथुआनिया के नागरिक हेनरिक्स ने वाराणसी में अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री स्वामी जीतेन्द्रानन्द सरस्वती जी और श्री काशी विद्वत परिषद के महामंत्री प्रोफेसर राम नारायण द्विवेदी के नेतृत्व में सनातन धर्म की दीक्षा ली है। बताया जा रहा है कि हेनरिक्स एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे, इसके बाद उन्हें सपने में श्रीकृष्ण के दर्शन हुए थे। इसके बाद उन्होंने प्रभावित होकर गीता का पाठ करना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे अध्यात्म से जुड़ गए। इसके बाद सनातन धर्म से जुड़ने की उनकी इच्छा हुई और वह वाराणसी आ गए।   

अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री स्वामी जीतेन्द्रानन्द सरस्वती ने कहा कि बाबा विश्वनाथ के शहर में देश-विदेश से पूजा करने के लिए लोग आते हैं। यह शहर अपने आप में अनोखा है। उन्होंने कहा कि हेनरिक्स ने सनातन धर्म की दीक्षा लेने से पहले भारतीय वस्त्र धारण किए और अनुष्ठान में बैठे। उन्होंने इस दौरान सनातन की पूरी प्रक्रिया का पालन किया है। 

उन्होंने कहा कि सनातन में वापसी के बाद हेनरिक्स का नाम केशव हो गया है और उनका गोत्र कश्यप रखा गया। सनातन धर्म अपनाने के बाद उन्होंने रुद्राभिषेक किया है। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी, बाल दत्त पांडे (जिला उपाध्‍यक्ष, भाजपा), सुरेश दीक्षित, आयुषी सरकार और चुमकी सरकार के साथ आचार्य के रूप में अनूप शर्मा एवं कमलेश महाराज उपस्थित रहे। 

इन हस्तियों ने अपनाया सनातन धर्म

बता दें कि इससे पहले भी कई हस्तियां सनातन धर्म से प्रभावित हुई हैं, जिन्होंने बाद में अपने-अपने धर्मों को छाेड़कर सनातन धर्म को अपना लिया है। इसमें से कुछ के नाम निम्न  हैं-  

- अमेरिकी नागरिक जूलिया रॉबर्ट्स एक हॉलीवुड अभिनेत्री हैं। भारत में शूटिंग के दौरान सनातन धर्म से प्रभावित हुईं थी, इसके बाद उन्होंने सनातन धर्म अपना लिया था।

- अमेरिकी नागरिेक जॉन कोल्ट्रान एक म्यूजिशियन हैं। उन्होंने ईसाई धर्म को छोड़कर पूरी तरह से सनातन धर्म ग्रहण कर लिया था।

- अमेरिकी नागरिक ट्रेवर हाल एक गीतकार हैं। उनके संगीत भी सनातन धर्म से प्रभावित होते थे। वह अपने गीतों में संस्कृत मंत्र का भी इस्तेमाल करते थे। वह इतना प्रभावित हुए कि सनातन धर्म को स्वीकार कर लिया और इसके बाद भारत में रहकर पूरा जीवन एक साधु की तरह बिताया।

- अमेरिकन म्यूजिशियन जैरी गार्सिया ने आजीवन सनातन धर्म का पालन किया। उनकी मौत के बाद उनकी अस्थियों को भारत के ऋषिकेश में गंगा नदी में प्रवाहित किया गया।

- लेखिका एलिजाबेथ गिल्बर्ट अपनी किताब को लिखने की प्रेरणा लेने के लिए भारत आई थीं। वह सनातन परम्परा और संस्कृति से इतना प्रभावित हो गईं कि उन्होंने धर्म को स्वीकार कर लिया था।

- पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश नागरिक अनवर शेख ने हिन्दू धर्म ग्रंथों का अध्ययन किया। इसके बाद वह इतना प्रभावित हो गए कि मुस्लिम धर्म को छोड़कर सनातन धर्म अपना लिया और अपना नाम अनिरुद्ध ज्ञानशिख रख लिया था।

Tags:    

Similar News