Varanasi: मकानों के ध्वस्तीकरण के बीच दो लोगों की मौत, बुजुर्ग को आया हार्टअटैक तो युवक के सिर पर गिरी आलमारी
Varanasi News: जिले के रामनगर में सड़क चौड़ीकरण के लिए मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के बीच दो लोगों की मौत से क्षेत्रवासी सदमे में हैं।;
वाराणसी में मकानों के ध्वस्तीकरण के बीच दो लोगों की मौत (सोशल मीडिया)
Varanasi News: जिले के रामनगर में सड़क चौड़ीकरण के लिए मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के बीच दो लोगों की मौत से क्षेत्रवासी सदमे में हैं। यहां एक वृद्ध की हद्यगति रूकने से तो वहीं दूसरे युवक की सिर पर आलमारी गिरने से मौत हो गयी। इस घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इसके चलते टेंगरा मोड़ जाने वाले मार्ग पर कई घंटों पर यातायात बाधित रहा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के आलाधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
जानें क्या है पूरा मामला
रामनगर में सड़क चौड़ीकरण को लेकर मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही चल रही है। इस क्रम में पीडब्ल्यूडी की ओर से ध्वस्तीकरण के लिए कुछ मकानों पर निशान लगाया गया। साथ ही चेतावनी दी गयी है कि निशान लगे मकानों को खाली कर दिया। वरना उन पर बुलडोजर चलाया जाएगा। मकान टूटने के भय से चिंतित राममूरत प्रजापति (65) को हार्टअटैक पड़ गया। जिससे उनकी मौत हो गयी। राममूरत की मृत्यु के बाद पुलिस ने शव को कंधा देकर श्मशान घाट पहुंचाया और अंतिम संस्कार कराया।
पुलिस-प्रशासन इस मामले से निपट ही रही थी कि रामनगर में ही दूसरी घटना भी घटित हो गयी। यहां चेतावनी मिलने के बाद रमेश कुमार सोनी (30) घर खाली करने के लिए सामान हटा रहे थे। इसी दौरान रमेश कुमार के सिर पर आलमारी गिर गयी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिवार वालों ने उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इन घटनाओं से नाराज होकर क्षेत्रवासियों ने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एडीएम सिटी आलोक वर्मा, एसीपी भेलूपुर अतुल अंजान त्रिपाठी, थाना प्रभारी भरत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया। अधिकारियों ने मृतक आश्रितों को सरकार की ओर से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया।