Hardoi News: फरवरी में भीषण गर्मी ने बढ़ाई किसानों की चिंता, फसल जल्दी पकने का अनुमान

Hardoi News: इस साल फरवरी में अप्रैल और मई की गर्मी का अहसास होने लगा है। जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभार दीं हैं। फरवरी में अप्रैल सी पड़ रही गर्मी से गेहूँ की फसल जल्दी पकने की संभावना जताई जा रही है।

Report :  Pulkit Sharma
Update: 2023-02-23 07:48 GMT

पकी गेंहू की फसल (फोटो: सोशल मीडिया)

Hardoi News: इस साल फरवरी में अप्रैल और मई की गर्मी का अहसास होने लगा है। जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभार दीं हैं। फरवरी में अप्रैल सी पड़ रही गर्मी से गेहूँ की फसल जल्दी पकने की संभावना जताई जा रही है। मौसम में आए बदलाव के बारे में चिंतित किसान रामभजन ने बताया कि अगर अभी से मौसम गर्म हो गया तो इसका असर गेहूं की फसल पर पड़ेगा। मौसम गर्म हो जाने से गेहूं का दाना बिना बढ़े ही पकना शुरू हो जाएगा।

किसान रघुवीर ने कहा कि अगर ऐसे ही मौसम गर्म होता रहा तो इस बार गेहूं की फसल बहुत कम पैदा होगी। बरसात कम होने पर जहाँ धान की फसल लागत भी ना निकाल पायी थी वहीं अब गर्म हो रहा मौसम गेहूं की फसल में नुकसान होने की संभावना को बढ़ा रहा है। मौसम गर्म होने से रवि की फसल को नुकसान ही होगा। आवार जानवरों से किसी तरह फसल बचा पाये हैं, लेकिन अब मौसम की मार एक बार फिर किसानों को मुश्किल में डालेगी।

बरसात न होने से बढ़ रही गर्मी

लगातार बढ़ रही गर्मी का मुख्य कारण बरसात न होना भी बताया जा रहा है। किसान अंजनी ने कहा कि अंधाधुंध पेड़ कटने से पर्यावरण में बदलाव आ गया है, यही कारण है कि अब मौसम खेती किसानों के अनुकूल नहीं हो पाता है। धान की फसल में जब बरसात की आवश्यकता होती है, तब समय पर पानी नहीं बरसता है। यही हाल रबी की फसल का है। ठंडक कम पड़ने से और मौसम जल्द गर्म हो जाने से इस बार गेहूं की फसल में भी किसान को घाटा ही उठाना पड़ेगा।

गांवों में इस समय सरसों की फसल काटने का काम जोरों पर चल रहा है। सरसों भी गर्म होने के कारण जल्द पक गई है। सरसों की फसल अच्छी होने की संभावना थी लेकिन गर्मी पड़ने से सरसों समय से पहले ही पक गई। मौसम वेधशाला के अनुसार बुधवार को जिले का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री रहा। मौसम में लगातार गर्मी बढ़ने का क्रम जारी है। पिछले तीन दिनों से लगातार तापमान में वृद्वि जारी है।

Tags:    

Similar News