Earthquake: अब बंगाल की खाड़ी में आया जोरदार भूकंप, मोरक्को में मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 2100 के पार

Earthquake: बंगाल की खाड़ी में देर रात जोरदार भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.4 मापी गई है। भूकंप के झटके रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे महसूस किए गए।

Update: 2023-09-11 02:34 GMT

मोरक्को में आए भीषण भूकंप के बचाव और राहत कार्य जारी (सोशल मीडिया)

Earthquake: मुस्लिम अफ्रीकी देश मोरक्को में विनाशकारी भूकंप ने भयानक तबाही मचाई है। मलबों में दबे लोगों को निकालने का सिलसिला जारी है। लिहाजा मृतकों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। इस बीच एशिया में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। बंगाल की खाड़ी में देर रात जोरदार भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.4 मापी गई है। भूकंप के झटके रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे महसूस किए गए।

नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) के मुताबिक, भूकंप की गहराई 70 किमी दर्ज की गई है। इससे पहले शनिवार 9 सितंबर को त्रिपुरा के धर्मनगर में 4.4 तीव्रता का भूकंप आया था, जो कि 43 किमी गहराई में दर्ज किया गया। हालांकि, जानमाल को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा। वहीं, 3 सितंबर को अंडमान सागर में भूकंप की घटना सामने आई थी, जिसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.3 मापी गई थी।

मोरक्को में लगा लाशों का अंबार

शुक्रवार 8 सितंबर को मोरक्को में बेहद शक्तिशाली भूकंप आया। रात में इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 थी। इस आपदा ने देश में भयानक तबाही मचाई है। जैसे-जैसे रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ रहा है, मलबों से लाशें निकल रही हैं। मृतकों का ताजा आंकड़ा बढ़कर 2122 हो गया है। वही, 2059 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 1404 लोगों की स्थिति चिंताजनक है। सबसे ज्यादा 1293 लोगों की मौत अल हौज प्रांत में हुई है। इसी प्रांत में सबसे अधिक मकान ध्वस्त हुए हैं।

यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहरों में शामिल मारकेच ओल्ड सिटी को भारी नुकसान पहुंचा है। यहां 12वीं सदी की एक मस्जिद नष्ट हो गई है। इन स्थितियों में हजारों लोगों को रात और दिन खुले आसमान में गुजारने पड़ रहे हैं। लोगों के सामने खाने-पीने की चीजों और जरूरी दवाईयों का संकट खड़ा हो गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, भूकंप से तीन लाख लोगों के प्रभावित होने की आशंका है। बड़ी संख्या में ध्वस्त हुए मकानों के मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका है।

इंडियन एबेंसी ने जारी की एडवाइजरी

मोरक्को की कुल आबादी 3 करोड़ 71 लाख है। यहां 1500 भारतीय भी रहते हैं। शनिवार को भारतीय दूतावास ने यहां रह रहे भारतीयों के लिए एक एडवाइजरी जारी की। सभी भारतीयों से घरों और सुरक्षित स्थानों में रहने की अपील की गई है और साथ ही लोकल प्रशासन के दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा गया है। उन्हें भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में रहने को कहा गया है, इसके लिए एक हेल्पाइन नंबर भी जारी किया गया है। दूतावास के मुताबिक, अभी तक भूकंप में किसी भारतीय के हताहत होने की खबर नहीं है।

बता दें कि यूएन, भारत, स्पेन, इजरायल और तुर्किये समेत दुनिया के कई देशों ने मोरक्को को सहायता भेजने की घोषणा की है। इसी साल फरवरी में तुर्किये ने भी विनाशकार भूकंप का सामना किया था और दुनियाभर के देशों ने यहां रेस्क्यू ऑपरेशन में हिस्सा लिया था।

Tags:    

Similar News