Abu Katal Death: मुंबई हमले के गुनहगार हाफिज सईद का खास आतंकी अबू कताल ढेर, लश्कर को लगा करारा झटका

Abu Katal Death: आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को करारा झटका लगा है। भारत में कई हमलों का मास्टरमाइंड और मोस्ट वांटेड आतंकी अबू कताल पाकिस्तान में मारा गया है।;

Update:2025-03-16 08:06 IST

Abu Katal Death

Abu Katal Death: आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को करारा झटका लगा है। भारत में कई हमलों का मास्टरमाइंड और मोस्ट वांटेड आतंकी अबू कताल पाकिस्तान में मारा गया है। यह घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। अबू कताल का नाम कई बड़े आतंकी हमलों से जुड़ा था। वह भारत में घुसपैठ कर आतंक फैलाने की साजिशें रचता था। सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह आतंकी लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे वांटेड घोषित कर रखा था।

हाफिज सईद का करीबी था अबू कताल

अबू कताल मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का बेहद करीबी था। बता दें कि 26/11 के हमले में 166 निर्दोष लोग मारे गए थे, जिसमें लश्कर के 10 पाकिस्तानी आतंकियों ने मुंबई के अलग-अलग जगहों पर हमला किया था। इस हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के रिश्ते काफी बिगड़ गए थे और युद्ध जैसे हालात बन गए थे।

रियासी और राजौरी हमले का मास्टरमाइंड

अबू कताल जम्मू-कश्मीर में हुए कई हमलों के पीछे था। 9 जून को जम्मू के रियासी जिले में तीर्थयात्रियों की बस पर हमला हुआ था, जिसका मास्टरमाइंड वही था। इसके अलावा, 2023 में राजौरी में हुए आतंकी हमले में भी उसका नाम सामने आया था। 1 जनवरी 2023 को राजौरी के ढांगरी गांव में आतंकियों ने नागरिकों पर हमला किया था, जिसमें दो बच्चों समेत सात लोग मारे गए थे। अगले दिन IED धमाके से इलाके में दहशत फैल गई थी। इस हमले में भी अबू कताल का हाथ था।

NIA ने इस हमले में पांच आतंकियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें तीन पाकिस्तानी आतंकी शामिल थे। इनमें से अबू कताल और साजिद जट्ट पाकिस्तानी नागरिक थे, जबकि तीसरा आतंकी मोहम्मद कासिम पाकिस्तान में रहकर लश्कर के लिए काम कर रहा था।

लश्कर को भारी नुकसान

अबू कताल के मारे जाने के बाद लश्कर को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह राहत की खबर है क्योंकि अब एक बड़ा आतंकी हमेशा के लिए खत्म हो गया है। भारतीय खुफिया एजेंसियां अबू कताल के खात्मे को आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी जीत मान रही हैं।

Tags:    

Similar News