120 साल तक जी चुके लोग! क्या इंसान की उम्र की सीमा टूट चुकी है? जानिए हैरान कर देने वाले आंकड़े

Oldest People in World: क्या इंसान 120 साल से ज्यादा जी सकता है? दुनिया के सबसे उम्रदराज लोगों की सच्ची कहानियां और चौंकाने वाले आंकड़े जानिए इस वायरल रिपोर्ट में!

Update:2026-04-26 18:22 IST

Oldest People in World List Longest Living Humans Facts 

Oldest People in World: दुनिया में हर कोई लंबी और खुशहाल जिंदगी जीना चाहता है, लेकिन क्या सच में इसका कोई फॉर्मूला होता है? अमेरिका के न्यू जर्सी में रहने वाले 111 साल के बुजुर्ग लुइस कानो ने ऐसा दावा किया है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है।कोलंबिया में 9 दिसंबर 1914 को जन्मे लुइस कैनो आज अमेरिका के सबसे बुजुर्ग पुरुषों में गिने जाते हैं। उन्हें उम्रदराज लोगों का रिकॉर्ड रखने वाली संस्था LongeviQuest ने दुनिया के 112वें सबसे उम्रदराज व्यक्ति के रूप में मान्यता दी है।


जब उनसे उनकी लंबी उम्र का राज पूछा गया, तो उनका जवाब चौंकाने वाला था। उन्होंने कहा: ज्यादा शराब मत पियो, अच्छी नींद लो और धूम्रपान से दूर रहो। इतना ही नहीं, उन्होंने एक और बेहद दिलचस्प बात कही कि“अच्छा व्यवहार करो।” यानी अच्छा इंसान बनना भी लंबी उम्र की कुंजी है! अमेरिका के 111 साल के लुइस कानो की कहानी ने जहां लोगों को सोचने पर मजबूर किया, वहीं दुनिया में ऐसे कई नाम हैं जिन्होंने उम्र की सारी सीमाएं तोड़ दीं। सवाल उठता है कि क्या इंसान सच में 120 साल या उससे ज्यादा जी सकता है?

दुनिया की सबसे लंबी उम्र

दुनिया में सबसे ज्यादा उम्र तक जीने का रिकॉर्ड फ्रांस की महिला जीन कॉमेंट के नाम है। उन्होंने पूरे 122 साल 164 दिन तक जीवन जिया! यह रिकॉर्ड 1997 से आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है। कहा जाता है कि वह रोज ऑलिव ऑयल का इस्तेमाल करती थीं और जिंदगी को बिना तनाव के जीती थीं।


जापान की काने तनाका 119 साल तक जीवित रहीं। उन्हें गणित और बोर्ड गेम्स खेलना पसंद था। 2022 में उनका निधन हुआ। स्पेन के सातुरनिनो दे ला फुइंते गरसिया 112 साल से ज्यादा उम्र जिये। उनका मन्त्र था कि “बस शांत रहो और किसी से झगड़ा मत करो।” इसी तरह, अमेरिका की सारा नौस ने 119 साल की उम्र पाई और उनका मंत्र था -“तनाव से दूर रहो।” इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क की सबसे बुजुर्ग महिला लुसे ज्यां सिग्नोरे का 113 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके दोस्तों के मुताबिक, वह आखिरी समय तक बेहद जिंदादिल और खुशमिजाज थीं।

कितने लोग जीते हैं 110+ साल?

दुनियाभर में लगभग 1000 से भी कम लोग हैं जो 110 साल से ज्यादा जीते हैं। हर साल इनमें से कुछ ही लोग 115 साल का आंकड़ा पार कर पाते हैं। 120 साल पार करने वाले लोग इतिहास में गिने-चुने ही हैं। इन आंकड़ों को ट्रैक करने में LongeviQuest और Gerontology Research Group जैसी संस्थाएं अहम भूमिका निभाती हैं।

विज्ञान क्या कहता है?

वैज्ञानिकों के अनुसार, इंसान की अधिकतम प्राकृतिक उम्र 120-125 साल के बीच मानी जाती है। उम्र बढ़ने की रफ्तार 100 साल के बाद बहुत धीमी हो जाती है। लम्बे जीवन के लिए जेनेटिक्स, लाइफस्टाइल और मानसिक शांति, ये तीन सबसे बड़े फैक्टर हैं। अगर इन सभी सुपर बुजुर्गों की जिंदगी को देखें, तो कुछ बातें कॉमन हैं: धूम्रपान से दूरी, सीमित खान-पान, कम तनाव, परिवार के साथ जुड़ाव और सकारात्मक सोच। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां लोग 50-60 की उम्र में ही बीमारियों से जूझ रहे हैं, वहीं ये लोग 100+ साल तक फिट कैसे रहे? क्या यह सिर्फ आदतों का खेल है? या फिर किस्मत और जेनेटिक्स का जादू? दुनिया के इन आंकड़ों और कहानियों ने एक बात साफ कर दी है कि लंबी उम्र कोई मिथक नहीं, बल्कि एक रहस्य है जिसे हर कोई जानना चाहता है लेकिन इस रहस्य का जवाब भी कोई आज तक दे नहीं सका है।

Tags:    

Similar News