Russia-Ukraine war: यूक्रेन से युद्ध के बीच रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने किया 36 घंटे के सीजफायर का ऐलान, जानें वजह

Russia-Ukraine war: रूस-यूक्रेन जंग के बीच पुतिन ने सीजफायर का ऐलान किया है। व्लादिमीर पुतिन की तरफ से 36 घंटे का सीजफायर होगा। ये आदेश ऑर्थोडॉक्स क्रिसमस को देखते हुए लिया है।

Written By :  aman
Update: 2023-01-05 17:28 GMT

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Social Media)

Russia-Ukraine war: रूस और यूक्रेन के बीच करीब 10 महीने से जारी युद्ध के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) गुरुवार (5 जनवरी) को बड़ा ऐलान किया। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के साथ 36 घंटे के युद्ध विराम (Ceasefire) का ऐलान किया है। दरअसल, पुतिन ने ये आदेश ऑर्थोडॉक्स क्रिसमस (Orthodox Christmas) के मद्देनजर दिया है।

दरअसल, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से रूस के ऑर्थोडॉक्स चर्च (Russian Orthodox Church) के प्रमुख ने इस बारे में अपील की थी। उनकी अपील के बाद पुतिन ने आज ये बड़ा फैसला लिया। हालांकि, पुतिन के इस कदम को उसका दुश्मन देश यूक्रेन पहले ही धोखा करार देते हुए खारिज कर चुका है। पुतिन द्वारा 36 घंटे के सीजफायर का आदेश 6 जनवरी की दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। बता दें, कई रूढ़िवादी ईसाई, जिनमें रूस तथा यूक्रेन में रहने वाले लोग भी शामिल हैं, 6-7 जनवरी को क्रिसमस (Christmas 2023) मनाते हैं। 

रूस पर यूक्रेन का बड़ा अटैक

यूक्रेन से जारी युद्ध के बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा था, कि पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र (Eastern Donetsk region) में यूक्रेन के रॉकेट हमले में उसके 63 सैनिक मारे गए थे। रूस के कब्जे वाले दोनेत्स्क क्षेत्र में उस जगह रॉकेट हमला हुआ था, जहां रूसी सैनिकों की तैनाती थी। यूक्रेन की तरफ से हिमार्स प्रक्षेपण प्रणाली (Himars Launch System) वाले छह रॉकेट दागे गए थे। इनमें से दो को तो रूस ने नष्ट कर दिया था। बावजूद बड़ी संख्या में रूसी सैनिकों की मौत हुई थी। तब रूस ने माना था कि यह यूक्रेन युद्ध के सबसे घातक हमलों में से एक था। 

युद्ध समाप्ति की कोई कोशिश नहीं

गौरतलब है कि, रूस ने 24 फरवरी 2022 को अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर आक्रमण किया था। बीते 10 महीनों में इस जंग में अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है। लाखों लोगों को विस्थापन का सामना करना पड़ा है। रूस और यूक्रेन वर्तमान में इस युद्ध को समाप्त करने के लिए किसी तरह की बातचीत नहीं कर रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि आगे भी यह युद्ध जारी रहेगा। 

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की (President of Ukraine Zelensky) ने इस हफ्ते कहा था कि रूस को द्वितीय विश्व युद्ध (Second World War) के बाद से यूरोप के सबसे बड़े संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक कदम उठाना चाहिए। क्रिसमस तक यूक्रेन से अपनी सेनाएं वापस बुलानी शुरू कर देनी चाहिए। रूस ने जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) की सेना की वापसी के आह्वान को खारिज कर दिया। कीव को कहा था कि वो नई क्षेत्रीय 'वास्तविकताओं' को स्वीकार करने के लिए तैयार रहे।

Tags:    

Similar News