खुशखबरी : 15 नए ग्रहों की खोज, एक ग्रह पर पानी होने की संभावना

Update:2018-03-16 12:38 IST

टोक्यो। अंतरिक्ष में जीवन की तलाश में जुटे वैज्ञानिकों ने बड़ा खुलासा किया है। जापान के वैज्ञानिकों ने अपने शोध में 15 नए ग्रहों के खोजे जाने का दावा किया है। वैज्ञानिकों को इनमें से एक ग्रह पर पानी मौजूद होने की संभावनाएं भी दिखी हैं। इससे पहले भी वैज्ञानिक अंतरिक्ष में मौजूद कुछ ग्रहों पर पानी होने की संभावना जता चुके हैं। 15 नए ग्रहों में तीन को सुपर अर्थ कहा जा रहा है।

ये भी पढ़ें... फौजी ताकत में भारत दुनिया में नंबर चार पर, पाकिस्तान 13वें नंबर पर

जापान के टोक्यो इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों ने अपने शोध में यह खुलासा किया है। दुनिया की बेहतरीन टेलीस्कोपों की मदद से वैज्ञानिकों ने यह शोध किया है। जापानी वैज्ञानिकों ने अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की के 2, हवाई में मौजूद सुबारू टेलीस्कोप और स्पेन में मौजूद नॉरडिक ऑप्टिकल टेलीस्कोप की मदद से तमाम आंकड़े जुटाए। बाद में इन आंकड़ों का अध्ययन कर इन ग्रहों की खोज में कामयाबी हासिल की। ग्रहों की खोज में उन्हें कई अत्याधुनिक उपकरणों की भी मदद लेनी पड़ी।

तीन को कहा जा रहा सुपर अर्थ

इस ताजा शोध में खोजे गए 15 ग्रहों में से तीन ग्रहों को सुपर अर्थ कहा जा रहा है। ये ग्रह पृथ्वी से 200 प्रकाश वर्ष दूर स्थित के 2-155 नामक तारे का चक्कर लगा रहे हैं। जहां तक आकार की बात है तो तीनों ही ग्रह इस मामले में पृथ्वी से बड़े हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि सबसे बाहरी ग्रह के 2-155 डी पर पानी हो सकता है। खोज के बाद अब इन ग्रहों के संबंध में गहराई से अध्ययन की योजना बनाई गई है ताकि यहां जीवन की संभावनाओं की तलाश की जा सके।

जापान के वैज्ञानिकों का कहना है कि ये सभी ग्रह लाल रंग के बौने तारों का चक्कर लगा रहे हैं। लाल तारे आकार में सामान्य तौर पर छोटे और अधिक ठंडे होते हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक लाल तारों के अध्ययन से भविष्य में एक्सोप्लैनेट से जुड़ी रोचक जानकारियां मिल सकती हैं। इनके अध्ययन से ब्रह्मांड में मौजूद ग्रहों के विकास संबंधी जानकारियां जुटाई जा सकती हैं।

Tags:    

Similar News