×

Assam Cong MLA Arrested: पुजारियों और संतों पर विवादित बयान देने वाले कांग्रेस MLA आफताब गिरफ्तार, पार्टी ने भी जारी किया नोटिस

Assam Cong MLA Arrested: हिंदू पुजारियों और संतों के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाले कांग्रेस विधायक आफताब उद्दीन मोल्ला को असम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि कांग्रेस विधायक को मंगलवार रात को उनके घर से अरेस्ट किया गया।

Krishna Chaudhary
Published on: 8 Nov 2023 10:57 AM GMT
Congress MLA Aftab, who gave controversial statements on priests and saints, arrested, party also issued notice
X

पुजारियों और संतों पर विवादित बयान देने वाले कांग्रेस MLA आफताब गिरफ्तार, पार्टी ने भी जारी किया नोटिस: Photo- Social Media

Assam Cong MLA Arrested: हिंदू पुजारियों और संतों के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाले कांग्रेस विधायक आफताब उद्दीन मोल्ला को असम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि कांग्रेस विधायक को मंगलवार रात को उनके घर से अरेस्ट किया गया। इसके बाद उन्हें दिसपुर थाना ले जाया गया, जहां पुलिस कमिश्नर दिगंता बोरा ने उनसे पूछताछ की।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आफताब मोल्ला ने पिछले दिनों एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बोलते हुए हिंदू पुजारियों और संतों के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक बयान दिया था। उन्होंने कहा था, जहां भी कोई आपराधिक गतिविधि होती है, उसमें पुजारी, संत और नामघरिया (असमिया समुदाय के प्रार्थना स्थल के पुजारी) शामिल होते हैं।

हर जगह एक ही तस्वीर है

सोशल मीडिया पर जैसे ही उनका यह बयान वायरल हुआ हड़कंप मच गया। कांग्रेस विधायक के बयान की तीखी आलोचना के साथ-साथ उनकी गिरफ्तारी की मांग जोर पकड़ने लगी। जब मामला खासा तूल पकड़ने लगा तो आफताब मोल्ला को अपनी गलती का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने बिना शर्त माफी मांगी। हालांकि, इसके बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग होती रही।

ये भी पढ़ें: MP Election 2023: ‘बिच्छू को अपने हाथ पर बैठाएंगे तो वह काटेगा ही काटेगा’, एमपी की जनता को सीएम योगी ने किया सावधान

कांग्रेस ने भी जारी किया नोटिस

आफताब उद्दीन मोल्ला जलेश्वर सीट से कांग्रेस विधायक हैं। उनके विवादित बयान ने पार्टी की भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय जनता पार्टी उस पर हमलावर है। कांग्रेस ने अपने विधायक के बयान को गलत करार देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने कहा कि विधायक से जवाब मांगा गया है। जवाब नहीं मिलने की सूरत में कार्रवाई की जाएगी।

क्या बोले असम सीएम ?

कांग्रेस विधायक के विवादित बयान पर राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का बयान भी आया है। उन्होंने कहा, गलत टिप्पणी को लेकर कोई माफी मांग सकता है। लेकिन हमें यह देखना होगा कि संबंधित मसले पर कानून की क्या राय है। उनके इस बयान के कुछ समय बाद ही दिसपुर थाने में एक शख्स ने विधायक के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का केस दर्ज किया, जिसके आधार पर उनकी गिरफ्तारी हुई।

ये भी पढ़ें: PM Modi Statement : पीएम मोदी का बड़ा हमला, बोले-नीतीश कुमार को अपने बयान पर शर्म आनी चाहिए

बता दें कि असम में इन दिनों मियां मुस्लिम (प्रवासी मुस्लिम) - स्थानीय मुस्लिम विवाद का मुद्दा गरमाया हुआ है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा अपने बयानों में साफ तौर पर मियां मुस्लिम को टारगेट करते हैं। जिसको लेकर अक्सर उनके और एआईयूडीएफ चीफ बदरूद्दीन अजमल के बीच जुबानी जंग देखने को मिलती रहती है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story