×

Toyota Land Cruiser Prado: टोयोटा ने लैंड क्रूजर प्राडो से उठाया पर्दा, मिलेंगी कई शानदार खूबियां, जानिए विस्तार से

Toyota Land Cruiser Prado: लॉन्च हुई टोयोटा की 2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो अपनी जानी मानी खूबियों के साथ एक आकर्षक लुक के साथ पेश की गई है। कंपनी ने इस लोकप्रिय ऑफ-रोडर को एक बिल्कुल नया डिजाइन दिया है।

Jyotsna Singh
Published on: 5 Aug 2023 8:30 AM GMT
Toyota Land Cruiser Prado: टोयोटा ने लैंड क्रूजर प्राडो से उठाया पर्दा, मिलेंगी कई शानदार खूबियां, जानिए विस्तार से
X
Toyota Land Cruiser Prado (photo: social media )

Toyota Land Cruiser Prado: भारतीय ऑटोमार्केट की मशहूर वाहन निर्माता कंपनियों में शुमार टोयोटा कंपनी की गाड़ियों की विश्वसनीयता और खूबियों के चलते अपने ग्राहकों के बीच काफी पॉपुलर है। अभी हाल ही में लॉन्च हुई टोयोटा की 2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो अपनी जानी मानी खूबियों के साथ एक आकर्षक लुक के साथ पेश की गई है। कंपनी ने इस लोकप्रिय ऑफ-रोडर को एक बिल्कुल नया डिजाइन दिया है। आइए जानते हैं

2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो से जुड़े डिटेल्स के बारे में-

2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो डिजाइन

2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो के डिजाइन की बात करें तो कंपनी के अनुसार, 2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो अपनी अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस की गई है। ये अपने ओरिजनल मॉडल से इंस्पायर्ड होने के साथ एक न्यू लुक में दिखाई देगी। यह एसयूवी कई वैश्विक बाजारों में लैंड क्रूजर प्राडो के नाम से लोकप्रिय है। इसके इंटीरियर की बात करें तो इसमें एक रेट्रो-स्टाइल बॉक्सी स्टांस, एक सपाट छत और छोटे ओवरहैंग देखने को मिल सकते हैं।

2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो की कीमत

नई टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो की कीमत की बात करें तो मीडिया द्वारा मिली जानकारी के अनुसार इसकी शुरुआती कीमत 55,000 डॉलर हो सकती है, जो कि लैंड क्रूजर LC300 के मुकाबले बेहद कम है। इस एसयूवी का उत्पादन कंपनी अपने जापान स्थित ताहारा और हिनो प्लांट में करने जा रही है। उम्मीद की जा रही है टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो अगले साल यानी 2024 मार्च में बिक्री के लिए मार्केट में पेश कर दी जाएगी।

2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो डाइमेंशन

टोयोटा कंपनी के टीएनजीए-एफ लैडर-फ्रेम चेसिस पर निर्मित 2024 लैंड क्रूजर प्राडो की लंबाई 4,920 mm, चौड़ाई 2,139 mm और ऊंचाई 1,859 mm है, इसका व्हीलबेस 2,850 mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 221 mm रखा गया है। इस नई एसयूवी को एलसी 1958, लैंड क्रूजर और एलसी फर्स्ट एडिशन जैसे तीन ट्रिम्स में पेश किया जा सकता है। इस बात की भी जानकारी मिली है कि कंपनी 2024 टोयोटा लैंड क्रूजर का फर्स्ट एडिशन का सबसे पहले 5,000 यूनिट्स का उत्पादन करेगी। जिस दौरान इस एसयूवी में नए डुअल-टोन कलर स्कीम और अधिक ऑफ-रोड इक्विपेंट्स मिलने की उम्मीद की जा रही है।

2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो पावरट्रेन

लैंड क्रूजर प्राडो में पावरट्रेन क्षमता की बात करें तो इसमें 8-स्पीड ऑटोमेटिक गियरबॉक्स को शामिल किया गया है।

इस सेटअप के तौर पर इलेक्ट्रिक मोटर के साथ एक 2.4L, 4-सिलेंडर टर्बो इंजन को उपलब्ध मिलेगा, जिसे इलेक्ट्रिक मोटर 1.87kWh बैटरी पैक के साथ जोड़ा गया है। इसमें शामिल बैटरी पैक और टर्बो इंजन संयुक्त तौर पर 326bhp की पॉवर और 630 Nm का टॉर्क जेनरेट करने की क्षमता रखते हैं।

2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो फीचर्स

2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो के फीचर्स की बात करें तो इसमें डाउनहिल असिस्ट, क्रॉल कंट्रोल, एक मल्टी-टेरेन सेलेक्ट सिस्टम, मल्टी-लिंक रियर सस्पेंशन सिस्टम और फ्रंट स्टेबलाइजर बार डिस्कनेक्ट सिस्टम देखने को मिलेगा। इसी के साथ इसमें खास तौर पर 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 14-स्पीकर जेबीएल प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, पांच डिवाइसों के लिए 4जी कनेक्टिविटी, वेंटिलेटेड और हॉट सीट्स, हेड-अप डिस्प्ले (एचयूडी), टोयोटा की सेफ्टी सेंस 3.0, वायरलेस फोन चार्जिंग और एक मूनरूफ शामिल हैं। इसमें सेफ्टी फीचर्स के तौर पर एक इलेक्ट्रॉनिक लॉकिंग रियर डिफरेंशियल जैसे शानदार फीचर्स दिए गए हैं।

2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो का किससे होगा मुकाबला

भारतीय ऑटो मार्केट में 2024 टोयोटा लैंड क्रूजर प्राडो का मुकाबला जीप रैंगलर से होगा।प्राडो से मुकाबले के लिए पहले से मौजूद इस एसयूवी में एक 2.0L, 4- सिलेंडर, पेट्रोल इंजन दिया गया है। इस मॉडल की कीमत की बात करें तो इसकी शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 60 लाख रुपये के करीब हो सकती है।

Jyotsna Singh

Jyotsna Singh

Next Story