×

Bihar Floor Test : बिहार में नीतीश कुमार की सरकार ने जीता बहुमत, मिले 160 वोट, 26 को होगा स्पीकर का चुनाव

Bihar Assembly Floor Test : हालिया राजनीतिक उठापटक के बाद आज नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव वाली सरकार का फ्लोर टेस्ट होना है। फ्लोर टेस्ट में नीतीश आसानी से बहुमत पा सकते हैं।

aman
Written By aman
Published on: 24 Aug 2022 12:00 PM GMT (Updated on: 24 Aug 2022 12:35 PM GMT)

Bihar Floor Test : बिहार में सियासी उठापटक के बीच बुधवार (24 अगस्त 2022) को नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार ने बहुमत हासिल कर लिया। नीतीश कुमार की सरकार ने भारी बहुमत से विश्वास मत हासिल किया। वोटिंग में नीतीश सरकार के पक्ष में 160 वोट पड़े। राज्य में अब सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (BJP) विपक्ष में बैठेगी। आज विश्वास मत की वोटिंग के दौरान बीजेपी वॉकआउट कर गई। फ्लोर टेस्ट से पहले बीजेपी विधायक और स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद डिप्टी स्पीकर ने फ्लोर टेस्ट कराया।

विजय कुमार सिन्हा बोले- मैं खुद इस्तीफा दे देता, लेकिन.. बिहार विधानसभा के स्पीकर विजय सिन्हा ने विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'नीतीश सरकार ने 9 अगस्त को इस्तीफा दिया था। 10 अगस्त को ही नई सरकार के गठन का न्योता दिया गया था। उन्होंने कहा, राज्य में नई सरकार गठन के बाद मैं खुद स्पीकर का पद त्याग कर देता। मगर, 9 अगस्त को मुझे पता चला कि मेरे खिलाफ सचिव को अविश्वास प्रस्ताव (No confidence motion) का नोटिस भेजा गया है। तब मुझे लगा इस अविश्वास प्रस्ताव का जवाब देना मेरी नैतिक जिम्मेदारी बन गई है।'

विजय सिन्हा (Vijay Sinha) ने सदन को संबोधित करते हुए आगे कहा, 'आप सभी लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर के पुजारी हैं। आप जो अविश्वास प्रस्ताव लाए हैं, यह अस्पष्ट है। 9 लोगों का पत्र मिला, इनमें से 8 का पत्र नियमानुसार नहीं नजर आता। लेकिन, मुझ पर जो आरोप लगाए गए। मनमानी के कार्यशैली को लेकर, तानाशाही करने का, ऐसे में मेरा जवाब देना जरूरी है।'

Live Updates

  • 24 Aug 2022 10:40 AM GMT

    'हम समाजवादी राजनीति के अंश और वंश हैं'

    तेजस्वी ने आगे कहा, कि '10 लाख करोड़ रुपए का कर्ज इनके पूंजीपतियों का माफ कर दिया जाता है। देश में 5 प्रतिशत जीएसटी वाले प्रोडक्ट का जीएसटी बढ़ा दिया जाता है। देश में सामाजिक समानता, सौहार्द्र बनाने की सजा हमारे परिवार, पिता, बहनें भुगत रहे हैं। हम समाजवादी राजनीति के अंश और वंश हैं। डरने वाले नहीं है। दिल्ली में बैठे लोगों को बिहार समझ में नहीं आ रहा है। बिहारी डरने वाला नहीं है।'

  • 24 Aug 2022 10:39 AM GMT

    'ई बिहार बा, एहिजा धमकावे से काम नहीं चली'

    सदन में बोलते वक़्त तेजस्वी यादव का गुस्सा बीजेपी पर निकल रहा था। उन्होंने कहा, 'ई बिहार बा, एहिजा धमकावे से काम नहीं चली।' सुनील सिंह के आवास के अंदर सीबीआई की छापेमारी जारी है। वहीं, आवास के बाहर करीब सैकड़ों समर्थकों ने धरना दे दिया है और लगातार सीबीआई के विरोध में नारेबाजी हो रही है। लगातार समर्थकों की भीड़ बढ़ रही है, जिसको देखते हुए सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। सामाजिक तनाव, धार्मिक तनाव को तोड़ने से रोकने के सभी प्री पोल्स अलायन पार्टनर ने नीतीश कुमार के निर्णय की सराहना ही नहीं मजबूती के साथ खड़े हैं।

  • 24 Aug 2022 10:33 AM GMT

    तेजस्वी ने कहा- महाराष्ट्र जैसा खेल बिहार में

    तेजस्वी यादव ने सदन में कहा, कि 'जैसे महाराष्ट्र में खेला हुआ, वैसे ही बिहार में करने की कोशिश थी। मगर नहीं हो पाया। झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र में क्या हुआ? जो डरेगा उसे डराओ। हम तो डरने वाले नहीं हैं। हमारी पुरखों की विरासत को कोई नहीं ले जा सकता। हम जो खेत जोते हैं उसमें आप फसल बोएंगे। समाजवादी विरासत हमारे पास रहेगी। किसी के पास नहीं जाने वाली।'



  • 24 Aug 2022 10:14 AM GMT

    विजय चौधरी- BJP ने हमें भ्रमित किया

    जेडीयू के विधायक विजय चौधरी ने कहा, 'बीजेपी को बिहार में जब-जब सत्ता में आना हुआ है, वह नीतीश के पीछे ही होकर ही आई। कभी अपने बल पर उनकी भी सरकार नहीं बनी। उन्होंने बीजेपी के गमछा के रंग को जाल में फंसाने वाला रंग बताया। विजय चौधरी ने कहा, हम लोग भी भ्रमित हो गए थे इस रंग में। हमने बीजेपी के साथ संबंध इसलिए बनाया था कि हमें भरोसा दिलाया गया था डबल इंजन का पावर मिलेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।'

  • 24 Aug 2022 9:46 AM GMT

    'जदयू ने जो 16 लोकसभा सीटें जीती, वो मोदी के कारण'

    बीजेपी विधायक तारकिशोर प्रसाद (Tarkishore Prasad) ने कहा, कि 'जदयू ने जो 16 लोकसभा सीटें जीती हैं, वह नरेंद्र मोदी की बदौलत हासिल हुई है। कम सीट के बाद भी नीतीश कुमार को सीएम बनाया। जनादेश का अपमान करके जो अब सरकार बनी है उसके 15 दिन के भीतर ही बिहार में अपराध का तांडव मचा हुआ है। जिस मंत्रिमंडल में 70 प्रतिशत मंत्री दागी हो उस सरकार से अपराध मुक्त बिहार की कल्पना नहीं की जा सकती है।'

  • 24 Aug 2022 9:38 AM GMT

    BJP ने कहा- मुख्यमंत्री ने जनादेश का अपमान किया

    बिहार विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के लिए बहस जारी है। सदन में बीजेपी की ओर से पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद बोल रहे हैं। उन्होंने कहा, कि 'मुख्यमंत्री ने जनादेश का अपमान किया है। जनादेश का गला घोंटा गया। व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के कारण ये फैसला लिया गया है। जब भी बिहार विकास के पथ पर चला, यह महत्वाकांक्षा आड़े आता रहा। बिहार में अपने बूते पर सरकार नहीं बना पाई, वो केंद्र में सरकार बनाना चाहते हैं। अकेले लड़े तो जनता ने दो पर लाकर छोड़ा। बाजुओं में ताकत नहीं थी तो मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।'

  • 24 Aug 2022 9:33 AM GMT

    सभापति नरेंद्र नारायण यादव कर रहे हैं अध्यक्षता

    बिहार विधानसभा में इस वक्त सभापति नरेंद्र नारायण यादव अध्यक्षता कर रहे हैं। सदन में फ़िलहाल विश्वास मत पर बहस जारी है।  

  • 24 Aug 2022 9:29 AM GMT

    विश्वास मत हासिल करने के लिए सीएम नीतीश ने पढ़ा प्रस्ताव

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्वास मत हासिल करने के लिए विधान सभा में प्रस्ताव पढ़ा। अब इस प्रस्ताव पर बहस जारी है। बीजेपी की ओर से तार किशोर प्रसाद अपनी बात रख रहे हैं। 

  • 24 Aug 2022 9:03 AM GMT

    डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी बने कार्यवाहक स्पीकर

    बिहार विधानसभा के स्पीकर विजय सिन्हा ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी (Deputy Speaker Maheshwar Hazari) को कार्यवाहक स्पीकर बनाया गया है। 

  • 24 Aug 2022 9:01 AM GMT

    'विधानसभा अध्यक्ष ने सामंतवादी विचारा धारा का परिचय दिया'

    इस बीच बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, कि 'विधानसभा अध्यक्ष ने सामंतवादी विचारधारा का परिचय दिया। जब तक अध्यक्ष चुने जाते हैं तब तक हम काम करते रहेंगे। महेश्वर हजारी ने कहा, मैं दलित हूं इसलिए मेरा विधानसभा अध्यक्ष ने अपमान किया।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story