UP Nikay Chunav 2023: भाजपा ने अपने चार पदाधिकारियों को दिखाया बाहर का रास्ता, जानें क्या है मामला

UP Nikay Chunav 2023: निकाय चुनाव में टिकट न मिलने पर कुछ बागी होकर चुनाव लड़ रहे थे तो कुछ दूसरे प्रत्याशियों के साथ हो गए थे। इस कार्रवाई के बाद भाजपा में हड़कंप मच गया है।

Pulkit Sharma
Published on: 1 May 2023 7:17 PM GMT
UP Nikay Chunav 2023: भाजपा ने अपने चार पदाधिकारियों को दिखाया बाहर का रास्ता, जानें क्या है मामला
X
भाजपा ने अपने चार पदाधिकारियों को दिखाया बाहर का रास्ता: Photo- Social Media

Hardoi News: भाजपा जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने बागी हुए चार पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्यकर्ता पार्टी विरोधी कार्य कर रहे थे, जिसके लिए उन्हें निष्कासित किया गया है।

नगर निकाय चुनाव को लेकर सबसे ज्यादा दावेदारी भाजपा में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने दिखाई थी। जिसके चलते नगर निकाय में भाजपा प्रत्याशियों की सूची को प्रकाशित होने में भी काफी लंबा समय लग गया था। कई प्रत्याशियों के नाराज होने की भी जानकारी निकलकर सामने आई थी। हरदोई में भी भाजपा में नगर पालिका अध्यक्ष व नगर पंचायत के अध्यक्ष पद को लेकर भी काफी दावेदार थे। कई दिग्गज अपने चहेतों को टिकट दिलाने को लेकर लगे हुए थे।

भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले नेताओं का निष्कासन

हालांकि 16 अप्रैल को भाजपा द्वारा नगर निकाय के पहले चरण के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी, जिसके बाद टिकट ना मिलने से नाराज भाजपा के कार्यकर्ता व पदाधिकारी पार्टी के विरोध में उतर आए थे। कई जगह टिकट ना मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था और भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतर गए थे।

हालांकि इस बीच रूठे को मनाने के लिए भाजपा की ओर से एक डैमेज कंट्रोल टीम भी बनाई गई थी जिसमें भाजपा नेता व पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रजनी तिवारी समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल थे। डैमेज कंट्रोल टीम द्वारा शाहाबाद से लेकर कई रूठे भाजपा पदाधिकारियों को मनाने में सफलता भी हासिल की थी। डैमेज कंट्रोल टीम द्वारा रुष्ट पदाधिकारियों का नामांकन पत्र वापस करा कर भाजपा उम्मीदवार को भारी मतों से जिताने की अपील भी की थी।

यह हुई निष्कासित

हालांकि इन सबके बीच भाजपा जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने बागी हुए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्यकर्ता पार्टी विरोधी कार्य कर रहे थे, जिसके लिए उन्हें निष्कासित किया गया है। निष्कासित होने वालों में नगर पंचायत माधवगंज में भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले पार्टी के सक्रिय सदस्य अनुराग मिश्रा, संडीला के मंडल उपाध्यक्ष अभय गुप्ता, बिलग्राम के राजारमन गुप्ता तथा नगर पंचायत पाली के कमलाकांत वाजपेई को भारतीय जनता पार्टी से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर 6 वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है। जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने यह कार्यवाही प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार की है। पार्टी के पदाधिकारियों के निष्कासित होने बाद भाजपा में हड़कंप मच गया है।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story