×

Up Nikay Chunav 2023: जानिए हरदोई से किस पार्टी में हैं टिकट के सबसे ज्यादा दावेदार, होने लगी सियासी उठापठक

Up Nikay Chunav 2023: निकाय चुनाव में पार्टियों से जिन्हें टिकट मिला वो चुनाव की ताल ठोकेंगे, लेकिन जिन्हें टिकट मांगने पर निराशा हाथ लगेगी उन असंतुष्टों को मनाना हर सियासी पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगा।

Pulkit Sharma
Published on: 10 April 2023 3:34 PM GMT
Up Nikay Chunav 2023: जानिए हरदोई से किस पार्टी में हैं टिकट के सबसे ज्यादा दावेदार, होने लगी सियासी उठापठक
X
Image: Social Media

Hardoi news: निकाय चुनाव को लेकर चुनावी रणभेरी बज चुकी है। जिले की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण नगर पालिका माने जाने वाली हरदोई सदर पालिका के अध्यक्ष पद को लेकर सबकी निगाहें दलीय टिकट पर लग गई हैं। दलीय टिकटों में भी सत्ताधारी दल भाजपा पर सभी की निगाहें हैं। सबसे ज्यादा दावेदार इस सीट को लेकर भाजपा में ही हैं।

एक अनार सौ बीमार जैसी हाल

बताते चलें कि हरदोई सदर नगर पालिका अध्यक्ष सीट अनारक्षित होने से भाजपा में एक अनार सौ बीमार वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। इस सीट से तमाम दावेदार टिकट मांग रहे हैं। इसमें सबसे बड़ा दावा लगातार 10 साल से नगर पालिका प्रशासन को चलाने वाले उमेश अग्रवाल का बताया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा नेता पारूल दीक्षित, निवर्तमान अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष राम प्रकाश शुक्ला, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अलका गुप्ता, भाजपा नेता अविनाश मिश्रा, पारिषा तिवारी, सुहाना जैन, टिंकू सहित कई लोगों के नाम चर्चा में हैं।

क्या बोले भाजपा ज़िलाध्यक्ष

भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने बताया कि दावेदारों के नाम की सूची नहीं बनी है। जो भी कार्यकर्ता टिकट मांगेंगे, उनका नाम पैनल में नियमानुसार पार्टी निर्देशानुसार बनाया जाएगा। टिकट देने का कार्य पार्टी हाईकमान से होगा। वहीं, सदर सीट से सपा के खेमे से भी बड़े चेहरे को चुनाव में उतारा जा सकता है। यहां पर सबसे दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद हैं। शाहाबाद नगर पालिका अध्यक्ष पद पर पिछले दो दशकों से पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू और उनके परिवार का कब्जा रहा है। सीट अनारक्षित होने से इस बार देखने वाली बात होगी कि इस परिवार का वर्चस्व बना रहेगा या फिर यह जादुई तिलिस्म टूटेगा। क्योंकि इस बार परिसीमन में सीमा विस्तार से नए समीकरण बनने की बात कही जा रही है।

मल्लावां में मुकाबला होगा दिलचस्प

इसी तरह से मल्लावां नगर पालिका सीट सहित कई सीटों पर टिकट से लेकर चुनाव तक मामला काफी दिलचस्प रहने की उम्मीद है। जिले में सात नगर पालिका और छह नगर पंचायतें हैं। गत चुनाव में भाजपा को महज एक सीट पर सफलता मिली थी। बेनीगंज नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी की जीत हुई थी। इस बार संगठन जिताऊ प्रत्याशी को लेकर हर स्तर पर मंथन कर रहा है। उम्मीद है कि इस बार भाजपा ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करना चाहेगी तो सपा, बसपा, कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशी भी दमखम से अपना प्रदर्शन कर जीत हासिल करना चाह रहे हैं। यानी मौजूदा दौर में किसी एक को मजबूत नहीं कहा जा सकता है।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story