×

Aaj Ka Mausam 6 May 2023: देश के कई इलाकों में आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में जोर पकड़ेगा चक्रवाती तूफान

Aaj Ka Mausam 6 May 2023: देश के कुछ इलाकों में अब तापमान बढ़ने की उम्मीद जताई गई है तो कुछ इलाकों में अभी भी बारिश का माहौल बना रहेगा। उत्तर पश्चिम भारत के तापमान में रविवार से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

Anshuman Tiwari
Published on: 6 May 2023 8:25 AM GMT (Updated on: 6 May 2023 6:24 PM GMT)
Aaj Ka Mausam 6 May 2023: देश के कई इलाकों में आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में जोर पकड़ेगा चक्रवाती तूफान
X
Aaj Ka Mausam 6 May 2023 (photo: social media )

Weather Update: मई महीने के दौरान भी देश के विभिन्न इलाकों में लोगों को तीखी धूप और लू से निजात मिली हुई है। देश के कई इलाकों में बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। देश के कुछ इलाकों में अब तापमान बढ़ने की उम्मीद जताई गई है तो कुछ इलाकों में अभी भी बारिश का माहौल बना रहेगा। उत्तर पश्चिम भारत के तापमान में रविवार से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

पंजाब और हिमाचल प्रदेश में आज आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर पूर्वी भारत में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। उत्तर पूर्व के राज्यों और दक्षिण भारत के कई इलाकों में भी आंधी-पानी का कहर दिख सकता है। उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में आज मौसम सूखा बने रहने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी में आज तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई है और 8 मई के आसपास चक्रवाती तूफान जोर पकड़ लेगा।

पंजाब और हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम भारत में तेज हवाओं और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पंजाब और हिमाचल प्रदेश में आज आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ ओलावृष्टि होने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में कल ओलावृष्टि होने के आसार हैं। उत्तर पूर्वी भारत में अगले 24 घंटे के दौरान आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद इस इलाके में बारिश का यह सिलसिला थम सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन-चार दिनों के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु के कई इलाकों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक 7 मई से उत्तर पश्चिम भारत के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में तापमान पहले ही बढ़ने लगा है। देश के अन्य हिस्सों में भी 9 मई के बाद तापमान बढ़ने लगेगा। हालांकि राहत की बात यह है कि अगले पांच दिनों तक देश के किसी हिस्से में लू चलने की कोई संभावना नहीं है।

इन इलाकों में दिखेगा आंधी-तूफान का कहर

मौसम विभाग का कहना है कि देश के कई राज्यों में बिजली गिरने और आंधी आने की आशंका है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, हरियाणा, चंडीगढ़,दिल्ली, राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश और रायलसीमा में तेज आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आंधी और बिजली गिरने का कहर दिख सकता है।

बंगाल की खाड़ी में जोर पकड़ेगा चक्रवाती तूफान

मौसम विभाग की ओर से दक्षिण बंगाल की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में आज बहुत तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 55 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तक पहुंच सकती है। इसी कारण मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे मछली पकड़ने के लिए इन क्षेत्रों में न जाएं। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में 8 मई के आसपास चक्रवाती तूफान तेज होने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से लगातार इसकी निगरानी की जा रही है।

चक्रवाती तूफान के कारण अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कल झमाझम बारिश होने के आसार हैं। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। इस तूफान का असर असम में भी दिखेगा। असम में 8 से 10 मई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

राजधानी दिल्ली का मौसम रहेगा सुहाना

राजधानी दिल्ली में भी आज मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है। राजधानी दिल्ली में आज बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज राजधानी का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

बिहार में अब गर्मी करेगी लोगों को बेहाल

बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में दो-चार दिनों बाद फिर तीखी धूप और भीषण गर्मी का दौर शुरू हो सकता है। इस साल अप्रैल महीने के शुरुआती दिनों में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाया था। हालांकि पिछले 15 दिनों से मौसम का रुख पलटा हुआ है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के कई इलाकों में हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली थी। अब एक बार फिर मौसम का तेवर बदलेगा और राज्य में गर्मी बढ़ने की संभावना है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक तमिलनाडु और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तेलंगाना और मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

पश्चिमी हिमालय पर मध्यम बौछारों के साथ छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिमी और पश्चिमी राजस्थान में हल्की बारिश और धूल भरी आंधी लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में दोपहर के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story