×

Weather Update: यूपी समेत कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, झमाझम बारिश के आसार, मई में मिलेगी भीषण गर्मी से राहत

Weather Update: इस बीच मौसम विभाग ने खुशखबरी देते हुए बताया है कि मई महीने के दौरान भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। वैसे देश के पूर्वी और पूर्वी-मध्य इलाके में गर्मी का प्रकोप ज्यादा दिखेगा।

Anshuman Tiwari
Published on: 29 April 2023 8:10 AM GMT (Updated on: 29 April 2023 8:26 AM GMT)
Weather Update: यूपी समेत कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, झमाझम बारिश के आसार, मई में मिलेगी भीषण गर्मी से राहत
X
Weather Update Today in India (Photo: Social Media)

Weather Update Today: देश के अधिकांश राज्यों में अप्रैल महीने के दौरान भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली हुई है और मौसम सुहावना बना हुआ है। अधिकांश राज्यों में मौसम का यही तेवर अभी आगे भी बने रहने की संभावना है। देश के 15 राज्यों में आने वाले दिनों में भी बारिश का मौसम बने रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक झमाझम बारिश का दौर बने रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है। 1 और 2 मई को राज्य के कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। इस बीच मौसम विभाग ने खुशखबरी देते हुए बताया है कि मई महीने के दौरान भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

वैसे देश के पूर्वी और पूर्वी-मध्य इलाके में गर्मी का प्रकोप ज्यादा दिखेगा। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित पश्चिम भारत के अन्य राज्यों और पश्चिम मध्य भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से कम बने रहने की उम्मीद है। नए पूर्वानुमान के मुताबिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या इससे कम बना रहेगा।

दिल्ली और यूपी में होगी बारिश

राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लोगों को अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। राजधानी दिल्ली में 4 मई तक बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर बने रहने की संभावना है। प्रदेश के कई इलाकों में 1 और 2 मई को ओलावृष्टि होने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 1 और 2 मई को ओले गिरने की संभावना है। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा और नागालैंड में भी आने वाले दिनों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के विभिन्न इलाकों में अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है। विदर्भ में आज और कल ओलावृष्टि होने की आशंका भी जताई गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30 अप्रैल को ओलावृष्टि हो सकती है। विदर्भ इलाके में 30 अप्रैल को भारी बारिश होने की आशंका है। दक्षिण भारत के कई इलाकों में भी आने वाले दिनों में मौसम खराब रहेगा। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, पुडुचेरी, केरल, कराईकल और माहे में अगले पांच दिनों तक बारिश होने की चेतावनी दी गई है। तेलंगाना में आज और कल भारी बारिश होने की आशंका है। ओडिशा, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी दी गई है। ओडिशा में 30 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है। उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज और 1 मई को भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

बिहार और झारखंड में आंधी-पानी का अलर्ट

बिहार में पिछले छह दिनों से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली हुई है। मौसम विभाग कहना है कि शनिवार को राज्य का मौसम में एक बार फिर पलटी मारेगा। 29 और 30 अप्रैल को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी-पानी और बारिश होने की आशंका है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और इसका असर राज्य के मौसम पर भी दिख रहा है। वैसे मई के शुरुआत से राज्य में एक बार फिर भीषण गर्मी और तापमान में बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। झारखंड में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। रांची स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र के मुताबिक झारखंड के उत्तरी और मध्य भागों में 30 अप्रैल और 1 मई को ओलावृष्टि होने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इन इलाकों में हो सकती है भारी बारिश

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़,तेलंगाना के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन प्रदेशों के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु और केरल में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।

सिक्किम, ओडिशा और रायलसीमा में एक या दो मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। उत्तरी छत्तीसगढ़, विदर्भ के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, मराठवाड़ा, उत्तराखंड और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश होने की संभावना है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story