×

Aaj Ka Mausam 7 May 2023: दिल्ली में बारिश शुरू, कई इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी

Aaj Ka Mausam 7 May 2023: इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने की चेतावनी दी है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, कर्नाटक और तेलंगाना में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है

Anshuman Tiwari
Published on: 7 May 2023 8:45 AM GMT (Updated on: 7 May 2023 7:20 PM GMT)
Aaj Ka Mausam 7 May 2023: दिल्ली में बारिश शुरू, कई इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी
X
Aaj Ka Mausam 7 May 2023 ( सोशल मीडिया)

Aaj Ka Mausam 7 May 2023: बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में चक्रवाती तूफान मोचा का बड़ा असर दिखने की संभावना है। आने वाले दिनों में इस चक्रवाती तूफान के तेज होने की आशंका है। तूफान के मद्देनजर अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 8 मई से 12 मई तक भारी बारिश होने की आशंका है। ओडिशा के कई इलाकों में भी भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने की चेतावनी दी है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, कर्नाटक और तेलंगाना में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। राजधानी दिल्ली में भी आज बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।

चक्रवाती तूफान मोचा का दिखेगा असर

भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि बंगाल की खाड़ी और दक्षिण पूर्व में निचले और क्षोभमंडल स्तरों में एक चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बन रही है। इसके परिणाम स्वरूप 8 मई तक उस क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद संभावित चक्रवात की तीव्रता और उसके मार्ग के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। आईएमडी के महानिदेशक ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में 9 मई के आसपास से कम दबाव का क्षेत्र बनने और उसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पूर्व में रविवार से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से इन इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर लौटने की सलाह भी दी गई है।

ओडिशा में भारी बारिश होने की आशंका

चक्रवाती तूफान मोचा के मद्देनजर भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से ओडिशा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि भद्रक,बालासोर, पुरी, जाजपुर और केंद्रपाड़ा सहित राज्य के कई जिलों में आंधी-तूफान और भारी बारिश होने की आशंका है।
ओडिशा सरकार ने 18 तटीय और आसपास के जिलों के डीएम को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। सरकार ने कहा कि सभी अफसरों को किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य के मुख्य सचिव को लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है।

इन इलाकों में होगी ओलावृष्टि

पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में अगले दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी होने की चेतावनी दी गई है। मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश का दौर दिखेगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज ओलावृष्टि होने की आशंका है। दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और माहे में अगले चार दिनों तक तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 मई तक बारिश होने की चेतावनी दी गई है। गुजरात में भी आज मौसम बिगड़ सकता है और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मध्य महाराष्ट्र,कोंकण और गोवा में 9 मई तक बारिश का दौर बना रहेगा।

राजधानी दिल्ली में बूंदाबांदी की संभावना

राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली का न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। दिल्ली के आसमान में आज बादल छाए रहने की उम्मीद है और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

प्रदेश में फिर पलटी मार सकता है मौसम

उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश के बाद मौसम तो जरूर खुला मगर रविवार और सोमवार को मौसम में एक बार फिर पलटी मार सकता है। मौसम विभाग की ओर से 7 और 8 मई को कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। नोएडा में शनिवार को दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई।
राजधानी लखनऊ उत्तर प्रदेश के कई अन्य महानगरों में शनिवार को खिली धूप निकली। वैसे प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में सामान्य से नीचे बना हुआ है। अभी प्रदेश के लोगों को प्रचंड गर्मी और लू का एहसास नहीं हो रहा है मगर बारिश का दौर थमने के बाद अब तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

तमिलनाडु और दक्षिण कर्नाटक में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन दोनों प्रदेशों के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी भी हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़ और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में धूल भरी आंधी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है। दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश होने के आसार हैं।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story