×

Aaj Ka Mausam 8 May 2023: चक्रवाती तूफान मोचा ले रहा भयंकर रूप, देश के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

Aaj Ka Mausam 8 May 2023: मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती तूफान की वजह से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, आंध्रप्रदेश और ओडिशा में आने वाले दिनों में भारी बारिश होने की आशंका है।

Anshuman Tiwari
Published on: 8 May 2023 8:50 AM GMT (Updated on: 8 May 2023 5:35 PM GMT)
Aaj Ka Mausam 8 May 2023: चक्रवाती तूफान मोचा ले रहा भयंकर रूप, देश के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट
X
Aaj Ka Mausam 8 May 2023 (photo: social media )

Aaj Ka Mausam 8 May 2023: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान मोचा भयंकर रूप लेते हुए आगे बढ़ रहा है। इस तूफान के इसी सप्ताह पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तट से टकराने की आशंका है। चक्रवाती तूफान के कारण बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती तूफान की वजह से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, आंध्रप्रदेश और ओडिशा में आने वाले दिनों में भारी बारिश होने की आशंका है।

दूसरी ओर मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दिल्ली में रविवार को बारिश के बाद आज सुबह भी तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। उत्तराखंड में आज ओलावृष्टि होने के आसार हैं। दक्षिण भारत के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक बारिश होने की आशंका है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 10 और 11 मई को भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

धीरे-धीरे काफी तेज होगी चक्रवाती तूफान की गति

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में मोचा चक्रवाती तूफान की गति धीरे-धीरे काफी तेज होगी। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इसका व्यापक असर देखने को मिलेगा। इस साइक्लोन की वजह से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। इस इलाके में अगले पांच दिनों तक जोरदार बारिश होने की आशंका है।

मौसम विभाग की ओर से 8 मई से 12 मई तक का अलर्ट जारी किया गया है। 8,9 और 12 मई को बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। बंगाल की खाड़ी और अंडमान और निकोबार द्वीप में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की गति धीरे-धीरे और बढ़ सकती है।

पश्चिम बंगाल और ओडिशा में अलर्ट

मोचा तूफान के मद्देनजर पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सभी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। मछुआरों को समुद्र की ओर न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 8 से 11 मई तक मछुआरों को समुद्र से दूर रहना चाहिए।

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

उत्तर पश्चिम भारत की बात की जाए तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में आज ओलावृष्टि होने की आशंका है। दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले पांच दिनों तक बारिश होने की चेतावनी दी गई है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 10 और 11 मई को भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी अगले पांच दिनों तक झमाझम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि देश के अधिकांश हिस्सों में आने वाले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। वैसे इस दौरान कहीं लू चलने की आशंका नहीं है।

राजधानी दिल्ली में आंधी के साथ बारिश

राजधानी दिल्ली में रविवार को सुबह सुहाने मौसम के बाद शाम को आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में झमाझम बारिश के बाद मौसम काफी कूल हो गया। रविवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में आज सुबह भी आंधी के साथ बारिश हुई है। सुबह ही तेज हवाओं के साथ आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल दिया और उसके बाद बारिश शुरू हो गई। आने वाले दिनों में भी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई गई है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान लद्दाख, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इन सभी राज्यों के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मेघालय, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़ और अंडमान निकोबार द्वीप समूह पर हल्की बारिश होने की संभावना है। अंडमान सागर और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में अगले दो दिनों के दौरान समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब हो सकती है। इन इलाकों में काफी तेज गति से हवाएं चलने की आशंका है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story