×

Mission 2024: भाजपा की चिंताएं बढ़ीं, सभी राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम की बैठक, शाह की मौजूदगी में बनेगी रणनीत

Mission 2024: 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को कई राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी अपनी ताकत दिखानी है। पार्टी की चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए 11 जून को दिल्ली में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 9 Jun 2023 6:04 AM GMT (Updated on: 9 Jun 2023 6:06 AM GMT)
Mission 2024: भाजपा की चिंताएं बढ़ीं, सभी राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम की बैठक, शाह की मौजूदगी में बनेगी रणनीत
X
BJP 2024 Mission(Photo: Social Media)

Mission 2024: हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद मिशन 2024 को लेकर भाजपा की चिंताएं बढ़ गई हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को कई राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी अपनी ताकत दिखानी है। पार्टी की चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए 11 जून को दिल्ली में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस महत्वपूर्ण बैठक का एजेंडा विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 की लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जुड़ा हुआ है। इस बैठक में पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही खामियों को दूर करने पर गहराई से मंथन किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अब चुनाव में ज्यादा वक्त नहीं बचा है। इसलिए सभी मोर्चों पर कमियों को दूर करते हुए तैयारियों को और धारदार बनाने के लिए जुटना होगा।

शाह की मौजूदगी में बनेगी चुनावी रणनीति

दरअसल हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक में मिली हार के कारण भाजपा की चुनौतियां काफी बढ़ गई हैं। दूसरी ओर 2024 के चुनाव में विपक्षी दलों के बीच एकजुटता की कवायद भी की जा रही है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व भी आगे की रणनीति बनाने की तैयारियों में जुट गया है। इसी सिलसिले में 11 जून को महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों को भी बुलाया गया है।

इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और बीएल संतोष सहित सभी राज्यों के संगठन सचिव भी हिस्सा लेंगे। इस बैठक के दौरान विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ ही मिशन 2024 का रोडमैप भी तैयार किया जाएगा।

जमीनी स्तर पर काम करने पर जोर

भाजपा नेतृत्व की ओर से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाने और उन्हें सक्रिय बनाने का प्रयास भी शुरू कर दिया गया है। इसी सिलसिले में हाल में 'टिफिन पे चर्चा' कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। इस दौरान विभिन्न जिलों में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया गया। गौतम बुद्ध नगर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी हिस्सा लिया।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर काम करने और लोगों का दिल जीतने के लिए नए-नए तरीके खोजने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को नियमित संवाद बनाए रखना चाहिए और उनकी दिक्कतें दूर करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में एकजुटता बनाए रखने पर भी जोर दिया। नड्डा ने कहा कि उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े लोगों को अहंकार छोड़ते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी। तभी हम लोगों का दिल जीतने में कामयाब हो सकते हैं।

जनकल्याण पर फोकस करें पार्टी कार्यकर्ता

पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि यदि विपक्ष की ओर से सवाल पूछे जाते हैं तो उनका जवाब विनम्र तरीके से दिया जाना चाहिए। हमें समाज के लोगों को यह विश्वास दिलाना होगा कि हम हमेशा उनके साथ खड़े हैं। समाज के सभी वर्गों से जुड़े लोगों की समस्याओं का समाधान करने की दिशा में कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्होंने जनकल्याण पर फोकस करने और पार्टी की गरिमा बनाए रखने का अनुरोध भी किया। नड्डा ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और ऐसे में हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इसलिए पार्टी से जुड़े लोगों को पूरी गरिमा के साथ पार्टी को मजबूत बनाए रखने की दिशा में काम करना चाहिए।

सियासी जानकारों का मानना है कि कर्नाटक में मिली हार के बाद पार्टी नेतृत्व सतर्क हो गया है। कर्नाटक में मिली हार का विश्लेषण करने और पार्टी की खामियों को हर स्तर पर दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में 11 जून को महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है जिसमें अमित शाह की मौजूदगी में आगे की चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story