Mission 2024 : बीजेपी ने बिहार, राजस्थान, ओडिशा और दिल्ली में बदले प्रदेश अध्यक्ष, जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी?

BJP New State Presidents: बीजेपी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। जिसके तहत बिहार, राजस्थान, ओडिशा और दिल्ली के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति हुई है। 

Mission 2024 : बीजेपी ने बिहार, राजस्थान, ओडिशा और दिल्ली में बदले प्रदेश अध्यक्ष, जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी?
बीजेपी ने चार राज्यों में बदले प्रदेश अध्यक्ष (Social Media)
Follow us on

BJP New State Presidents : भारतीय जनता पार्टी (BJP) 'मिशन 2024' की तैयारियों को आक्रामक रूप से आगे बढ़ा रही है। आगामी लोकसभा चुनाव और इस वर्ष कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी ने गुरुवार (23 मार्च) को 4 राज्यों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव किए। जिसके तहत पार्टी ने बिहार विधान परिषद में पार्टी के नेता सम्राट चौधरी (Samrat Chowdhary) को बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, चित्तौड़गढ़ सांसद चंद्र प्रकाश जोशी (C.P. Joshi) को बीजेपी की राजस्थान इकाई की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी कड़ी में दिल्ली बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) को प्रमोशन दिया गया है। उन्हें प्रोन्नत करते हुए प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, ओडिशा (Odisha BJP) के पूर्व मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता मनमोहन सामल (Manmohan Samal) को राज्य इकाई के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में बीजेपी के महासचिव अरुण सिंह (BJP General Secretary Arun Singh) ने कहा कि, 'बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन नियुक्तियों को हरी झंडी दी है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।'

Bihar: संजय जायसवाल की जगह लेंगे सम्राट चौधरी
बिहार बीजेपी में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। कुशवाहा समाज से आने वाले सम्राट चौधरी (Samrat Chowdhary) को बिहार प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। बता दें, सम्राट बिहार की राजनीति के दिग्गज नेता रहे शकुनी चौधरी के बेटे हैं। शकुनी चौधरी सात बार विधायक रहे हैं। सम्राट चौधरी बिहार बीजेपी अध्यक्ष के रूप में संजय जायसवाल की जगह ले रहे हैं। 


Rajasthan: सतीश पूनिया की जगह लेंगे सीपी जोशी

ब्राह्मण समाज से संबंध रखने वाले सीपी जोशी को राजस्थान की कमान सौंपी गई है। उन्होंने 2019 लोकसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दर्ज की थी। वो अब तक दो बार सांसद चुने गए हैं। सीपी जोशी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सतीश पूनिया की जगह लेंगे। नए नाम की घोषणा के बाद पूनिया ने जोशी को बधाई दी ,पुनिया ने कहा, 'हम सब कृतसंकल्प हैं कि मिलकर 2023 में राजस्थान को कांग्रेस मुक्त बनाकर बीजेपी की बहुमत की सरकार बनाएंगे।'


Delh : सचदेवा को मिला काम का इनाम

वीरेंद्र सचदेवा को 2022, दिसंबर में दिल्ली बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सचदेवा ने तब आदेश गुप्ता की जगह ली थी। कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभालने के बाद सचदेवा दिल्ली में बेहद सक्रिय नजर आ रहे थे। उन्होंने केजरीवाल सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बीजेपी नेताओं की मानें तो पंजाबी समाज से आने वाले सचदेवा को उनके काम का इनाम दिया गया है। 

Odisha: मनमोहन सामल को कमान
 
इसी तरह, मनमोहन सामल को ओडिशा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वो समीर मोहंती का स्थान लेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मोहंती का 3 वर्ष का कार्यकाल इसी साल जनवरी में समाप्त हुआ। सामल पहले भी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वो प्रदेश सरकार में राजस्व मंत्री और राज्यसभा सदस्य भी रह चुके हैं।