×

Mumbai News: मुंबई में बम ब्लास्ट होने वाला है’, हाई अलर्ट पर पुलिस, मचा हड़कंप

Mumbai News: महाराष्ट्र की राजधानी और देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बम धमाके की धमकी मिली है। ये धमकी मुंबई पुलिस को ट्विटर पर मिली है। जिसके बाद से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। आनन फानन में पूरे शहर में पुलिसफोर्स को अलर्ट कर दिया गया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 23 May 2023 9:56 AM GMT (Updated on: 23 May 2023 10:45 AM GMT)
Mumbai News: मुंबई में बम ब्लास्ट होने वाला है’, हाई अलर्ट पर पुलिस, मचा हड़कंप
X
जांच में जुटी पुलिस ( सोशल मीडिया)

Mumbai News: महाराष्ट्र की राजधानी और देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बम धमाके की धमकी मिली है। ये धमकी मुंबई पुलिस को ट्विटर पर मिली है। जिसके बाद से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। आनन फानन में पूरे शहर में पुलिसफोर्स को अलर्ट कर दिया गया है। संवेदनशील जगहों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बता दें कि ये कोई पहला मौका नहीं है मुंबई पुलिस को इस तरह की धमकियां मिली हैं। इससे पहले जनवरी और फरवरी में भी फोन पर शहर में बम विस्फोट करने की धमकियां पुलिस को मिल चुकी हैं। हालांकि, ज्यादातर मामले फेक पाए गए हैं।

कल रात मिली थी धमकी

मुंबई पुलिस की ओर से दी गई जानकारी में बताया कि कल यानी सोमवार 22 मई को रात 11 बजे एक शख्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर एक धमकी भरा पोस्ट किया था। जिसमें लिखा था, मैं बहुत जल्द मुंबई में विस्फोट करने वाला हूं। पुलिस इसके बाद हरकत में आई और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल शुरू कर दी।

सुबह होते-होते पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली और उसे धर दबोचा। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मुंबई पुलिस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अभी तक उसका कोई आतंकी बैकग्राउंड सामने नहीं है। पुलिस की एक टीम आरोपी की पूरी कुंडली खंगाल रही है। मुंबई में उसके ठिकानों को तलाशा जा रहा है और उसके सगे संबंधियों के बारे में जानकारी एकत्रित कर रही है।

पहले भी मुंबई पुलिस को मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां

मुंबई पुलिस इस तरह की धमकियों की एक तरह से आदी हो चुकी है। एक दिन पहले ही यानी रविवार को भी पुलिस के पास एक ऐसा ही संदिग्ध कॉल आया था। जिसमें लाइन की दूसरी तरफ मौजूद शख्स कह रहा था कि उसे बार-बार ऐसे कॉल आ रहे हैं, जिसमें उसे 26/11 मुंबई आतंकी हमले की जानकारी दी जा रही है। इससे पहले 26/11 की बरसी से 13 दिन पहले भी मुंबई को दहलाने की धमकी दी गई थी।
एक अनुमान के मुताबिक, इनमें से अधिकांश धमकियां किसी सिरफिरे या मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों की ओर से आती हैं। लेकिन 26/11 और उससे पहले हुए आतंकी हमलो को देखते हुए मुंबई पुलिस ऐसे किसी थ्रेट कॉल को हल्के में नहीं लेती है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story