×

Chandrayaan-3 Highlights: यूट्यूब पर चंद्रयान-3 की लाइव स्ट्रीमिंग ने तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड,सबसे अधिक देखा जाने वाला इवेंट बना

Chandrayaan-3 Highlights: जिस समय भारत का चंद्रयान-3 चंद्रमा पर लैंडिंग कर रहा था, उस समय देशभर के लोग लाइव स्ट्रीमिंग देखने के लिए टीवी, यूट्यूब और सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्मों पर जुटे हुए थे।

Anshuman Tiwari
Published on: 24 Aug 2023 2:40 AM GMT
Chandrayaan-3 Highlights: यूट्यूब पर चंद्रयान-3 की लाइव स्ट्रीमिंग ने तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड,सबसे अधिक देखा जाने वाला इवेंट बना
X
Chandrayaan-3 Highlights (photo: social media )

Chandrayaan-3 Moon Soft Landing: भारत में चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर अपना यान उतार कर इतिहास रच दिया है। भारत का चंद्रयान-3 बुधवार को चंद्रमा पर सफल लैंडिंग करने में कामयाब रहा। अब भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद चांद पर पहुंचने वाला चौथा देश बन गया है मगर चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने में दुनिया में पहली बार भारत ने ही कामयाबी हासिल की है। भारत की इस कामयाबी पर पूरे देश में जश्न और उत्सव का माहौल दिख रहा है।
जिस समय भारत का चंद्रयान-3 चंद्रमा पर लैंडिंग कर रहा था, उस समय देशभर के लोग लाइव स्ट्रीमिंग देखने के लिए टीवी, यूट्यूब और सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्मों पर जुटे हुए थे। इसरो के लाइव स्ट्रीमिंग लिंक ने बुधवार को यूट्यूब पर नया इतिहास रच दिया। चंद्रयान-3 की लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग को 8.06 मिलियन लोगों ने देखा। इसी के साथ यूट्यूब के इतिहास के सारे कीर्तिमान ध्वस्त हो गए।

चंद्रयान-3 की लाइव स्ट्रीमिंग ने बनाया नया रिकॉर्ड

यूट्यूब पर अभी तक ब्राजील और दक्षिण कोरिया के बीच खेले गए फुटबॉल मैच की लाइव स्ट्रीमिंग को सबसे अधिक लोगों ने देखा था। इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग को 6.15 मिलियन लोगों ने देखकर नया रिकॉर्ड बना दिया था मगर अपने चंद्रयान 3 ने इस रिकार्ड को ध्वस्त कर दिया है। चंद्रयान-3 की लैंडिंग के प्रति देश के लोगों में जबर्दस्त उत्साह दिख रहा था और यही कारण था कि इतनी ज्यादा संख्या में लोग यूट्यूब पर इसरो के लिंक के साथ जुड़े हुए थे।
लोग बेसब्री से उसे क्षण का इंतजार कर रहे थे जब चांद के दक्षिणी ध्रुव पर भारत के चंद्रयान-3 की लैंडिंग होने वाली थी। आखिरकार चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के जरिए भारत नया इतिहास रचने में कामयाब हो गया। यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीमिंग देखने के मामले में तीसरे नंबर पर ब्राजील और क्रोएशिया के बीच खेला गया फुटबॉल मैच है जिसकी लाइव स्ट्रीमिंग को 5.2 मिलियन लोगों ने एक साथ देखने में दिलचस्पी दिखाई थी।

सब्सक्राइबर्स की संख्या में भारी बढ़ोतरी

एक और उल्लेखनीय बात यह है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग के लाइव प्रसारण के दौरान इसरो के सब्सक्राइबर्स की संख्या में भी जबर्दस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसरो के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग से पहले सब्सक्राइबर्स की संख्या 2.68 मिलियन यानी करीब 26 लाख थी, जबकि सफल लैंडिंग के बाद सब्सक्राइबर्स की संख्या में 9 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इसरो के सब्सक्राइबर्स की संख्या अब बढ़कर 35 लाख पर पहुंच गई है। लैंडिंग का लाइव प्रसारण करीब एक घंटे 11 मिनट तक चला और इतने कम समय में इसरो के नौ लाख सब्सक्राइबर्स बढ़ गए। इसरो के यूट्यूब लिंक पर सब्सक्राइबर्स से तीन गुना अधिक लोगों ने लाइव स्ट्रीमिंग को देखा।

धीरे-धीरे बढ़ती गई देखने वालों की संख्या

चंद्रयान-3 की लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग देखने वालों की संख्या शुरुआत में कम थी मगर धीरे-धीरे समय बीतने के साथ देखने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुरुआती 13 मिनट में करीब 3.3 मिलियन लोग लाइव स्ट्रीमिंग देख रहे थे मगर 17 में मिनट में करीब 40 लाख लोग लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ गए। 31 मिनट बाद करीब 53 लाख से अधिक लोग लाइव प्रसारण से जुड़े जबकि 45 मिनट के बाद देखने वालों की संख्या 66 लाख पर पहुंच गई।
इसके बाद कुछ ही मिनटों में लाइव स्ट्रीमिंग देखने वालों की संख्या 80 लाख के ऊपर पहुंच गई और चंद्रयान-3 की लाइव स्ट्रीमिंग ने यूट्यूब के सारे कीर्तिमान ध्वस्त कर दिए। यूट्यूब के अलावा कई अन्य माध्यमों से भी लोग चंद्रयान-3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण देख रहे थे। ऐसे में माना जा रहा है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग को कई करोड़ लोगों ने एक साथ देखा। भारत की इस बड़ी कामयाबी के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में जमकर जश्न भी मनाया गया।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story