×

Chandrayaan-3 Update: पाकिस्तानी भी हुए भारत के मुरीद, ट्रेंड हुआ Congratulations Neighbors, जीभर कर दे रहे बधाई

Chandrayaan-3 Update: भारत की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो की उपलब्धि की दुनिया भर में चर्चा है। पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी लोग इसकी खूब चर्चा कर रहे हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 24 Aug 2023 4:36 AM GMT (Updated on: 24 Aug 2023 4:43 AM GMT)
Chandrayaan-3 Update: पाकिस्तानी भी हुए भारत के मुरीद, ट्रेंड हुआ Congratulations Neighbors, जीभर कर दे रहे बधाई
X
Chandrayaan-3 Update (photo: social media )

Chandrayaan-3 Update: चांद की सतह पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग की पूरी दुनिया में खूब चर्चा हो रही है। पूरी दुनिया में इसे भारत की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है और दुनिया भर के मीडिया में इस बाबत काफी प्रमुखता से खबरें छपी हैं। भारत के वैज्ञानिकों की इस उपलब्धि को इसलिए भी अभूतपूर्व माना जा रहा है क्योंकि इसरो ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग कराने में कामयाबी हासिल की है। चांद के दक्षिणी ध्रुव में अपने यान की लैंडिंग करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है।

भारत की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो की उपलब्धि की दुनिया भर में चर्चा है। पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी लोग इसकी खूब चर्चा कर रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद हुसैन चौधरी ने भारत को इस उपलब्धि पर बधाई दी है तो पाकिस्तानी नागरिक भी बधाई देने में पीछे नहीं है। सोशल मीडिया पर

Congratulations Neighbors खूब ट्रेंड कर रहा है और पाकिस्तान के लोग जी भरकर भारत के मून मिशन की तारीफ कर रहे हैं। भारत और पाकिस्तान में तनावपूर्ण रिश्तों के बीच पाकिस्तान के लोगों की इस बधाई पर सबको हैरानी भी हो रही है।

तनाव के बावजूद भारत को बता रहे आगे

भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से टकराव की स्थिति बनी हुई है। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव और बढ़ गया था। इसी तनाव के चलते दोनों देशों के बीच लंबे समय से बातचीत भी पूरी तरह ठप है। पाकिस्तान की ओर से इस बाबत इच्छा जताए जाने के बावजूद भारतीय विदेश मंत्रालय का कहना है कि जब तक पाकिस्तान आतंकियों को बढ़ावा देने का कदम उठाना बंद नहीं करता तब तक दोनों देशों के बीच बातचीत नहीं हो सकती।

ऐसे तनावपूर्ण रिश्तों के बावजूद पाकिस्तान के लोग भारत के मून मिशन की खूब तारीफ कर रहे हैं। इसके साथ ही वे पाकिस्तान की हुकूमत पर तंज कसने में भी पीछे नहीं है। पाकिस्तान के तमाम लोगों ने तस्वीरें शेयर करते हुए यह बताने की कोशिश की है कि पाकिस्तान आज कितना पिछड़ा हुआ है जबकि भारत उससे कितना आगे निकल गया है।

भारत के अभियान की खुलकर तारीफ

पाकिस्तान के लोगों की ओर से भारत के मून मिशन की खुलकर तारीफ पर हैरानी भी जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर Congratulations Neighbors खूब ट्रेंड कर रहा है। एक पाकिस्तानी यूज़र ने भारत को बधाई देते हुए लिखा कि अल्लाह किसी कौम की हालात तब तक नहीं बदलता जब तक कि वह खुद ना बदले। बधाई हो पड़ोसी (CongratulationsNeighbors)। बड़ी उपलब्धि।

हसीब अहमद नाम के एक दूसरे यूज़र ने लिखा कि पाकिस्तानियों ने अपने मतभेद पूरी तरह भुला दिए हैं। बधाई हो भारत। पाकिस्तान में Congratulations Neighbors के साथ ही Congratulations India भी ट्रेंड कर रहा है। भारत ने दिखा दिया है कि अगर हर मुश्किल के बावजूद आपके पास सच्चे लोग हैं तो कुछ भी असंभव नहीं है।

एक पाकिस्तानी यूज़र ने भारत को आर्थिक रूप से पाकिस्तान से काफी आगे बताया है। इस पाकिस्तानी यूज़र ने पाकिस्तान की ओर से प्यार का तोहफा देते हुए कहा कि भारत की प्रशंसा की जानी चाहिए। इसी तरह पाकिस्तान के कई अन्य यूजर्स ने भी सोशल मीडिया पर भारत को मिली बड़ी कामयाबी पर खुलकर बधाई दी है।

पाकिस्तान के पूर्व मंत्री ने भी दी बधाई

पाकिस्तान की पूर्ववर्ती इमरान सरकार में मंत्री रहे फवाद हुसैन चौधरी ने भी इस बड़ी कामयाबी के लिए इसरो को बधाई दी है। 2019 में चंद्रयान-2 की विफलता के बाद भारत और इसरो का मजाक उड़ाने वाले चौधरी ने कहा कि चंद्रमा पर चंद्रयान-3 का उतरना इसरो (ISRO) के लिए कितना बड़ा क्षण है। मैं इसरो के अध्यक्ष सोमनाथ के साथ कई युवा वैज्ञानिकों को इस क्षण का जश्न मनाते हुए देख सकता हूं। केवल सपनों वाली युवा पीढ़ी ही दुनिया को बदल सकती है। शुभकामनाएं।

चंद्रयान-3 की लैंडिंग से पहले फवाद हुसैन ने अपने देश की हुकूमत से मांग की थी कि लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग दिखाई जानी चाहिए। उन्होंने इस अभियान के लिए भारत को बधाई देते हुए इसे मानव जाति के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया था।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story