×

Chirag Paswan: नीतीश कुमार मेरी राजनीतिक हत्या करवाना चाहते हैं, चिराग पासवान का बिहार सीएम पर गंभीर आरोप

Chirag Paswan: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सुप्रीमो और जमुई से लोकसभा सांसद चिराग पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाया है। चिराग ने कहा कि नीतीश उनकी लोकप्रियता से परेशान और चिंतित हैं, इसलिए वे मेरी राजनीतिक हत्या करवाना चाहते हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 21 Aug 2023 8:18 AM GMT (Updated on: 21 Aug 2023 8:30 AM GMT)
Chirag Paswan: नीतीश कुमार मेरी राजनीतिक हत्या करवाना चाहते हैं, चिराग पासवान का बिहार सीएम पर गंभीर आरोप
X
Chirag Paswan Allegations on Nitish Kumar (Photo: Social Media)

Bihar News: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सुप्रीमो और जमुई से लोकसभा सांसद चिराग पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाया है। चिराग ने कहा कि नीतीश उनकी लोकप्रियता से परेशान और चिंतित हैं, इसलिए वे मेरी राजनीतिक हत्या करवाना चाहते हैं। जमुई सांसद अक्सर बिहार सीएम के खिलाफ अपने तीखे तेवर के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में भी एनडीए से अलग होकर नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के खिलाफ अपने कैंडिडेट उतारे थे, नतीजतन जदयू राज्य में तीसरे नंबर की पार्टी बनकर रह गई।

चिराग पासवान रविवार देर रात हरियाणा के रोहतक पहुंचे थे, जहां प्रवासी बिहारियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने देश और बिहार की राजनीति पर खुलकर बात की। दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पुत्र चिराग ने नवगठित इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा और उनकी कामबायी पर सवाल खड़े किए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भानुमति का कुनबा जल्द बिखर जाएगा।

मेरी राजनीतिक हत्या करवाना चाहते हैं नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अक्सर तीखे प्रहार करने वाले चिराग पासवान ने कहा कि वह मेरी पार्टी की लोकप्रियता से घबरा गए हैं। इसलिए वह तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। जमुई सांसद ने यहां तक कह दिया कि सीएम नीतीश उनकी राजनीतिक हत्या करवाना चाहते हैं। चिराग ने कहा कि बिहार में अब नीतीश के हथकंडे नहीं चलेंगे। बिहार की बदहाली के लिए नीतीश कुमार जिम्मेदार हैं। अगर वे बिहार में विकास करते तो, लोगों को काम-धंधे के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता। मगर अब बिहार का समय बदलने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार में अब बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट की सरकार बनेगी और बिहार विकास की ओर अग्रसर होगा।

राहुल गांधी को अभी समय लगेगा

चिराग पासवान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लद्दाख दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि वह मेहनत भले ही कर रहे हों, मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचने में उन्हें काफी लंबा वक्त लग जाएगा।

बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन के बाद उनकी पार्टी लोजपा दो हिस्सों में बंट गई थी। पार्टी के सांसदों का बड़ा खेमा रामविसास पासवान के भाई पशुपति पारस के साथ हो लिया, जो बाद में पासवान सीनियर की जगह मोदी कैबिनेट में शामिल किए गए। वहीं, बेटे चिराग पासवान ने लोजपा (रामविलास) के नाम से अपना अलग गुट बना लिया और पिता की सियासी विरासत का वास्तविक दावेदार बताया। उन्हें पिछले माह ही एनडीए की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली आमंत्रित किया गया था। चारा और भतीजे दोनों का कैंप फिलहाल एनडीए में है लेकिन हाजीपुर की सीट जिससे दिवंगत रामविलास पासवान सांसद थे, को लेकर दोनों पक्षों के बीच तलवारें खिंची हुई है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story