×

CM Mamta Banerjee: दिसंबर में ही होगा लोकसभा चुनाव,ममता बनर्जी का बड़ा दावा,BJP ने पहले ही बुक कर लिए हैं सारे हेलीकॉप्ट

CM Mamta Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा "केंद्र की मोदी सरकार दिसंबर में ही लोकसभा चुनाव करा सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह चुनावी तैयारी में जुटी हुई है और उसने सारे हेलीकॉप्टर पहले ही बुक कर रखे हैं।"

Anshuman Tiwari
Published on: 28 Aug 2023 1:22 PM GMT
CM Mamta Banerjee: दिसंबर में ही होगा लोकसभा चुनाव,ममता बनर्जी का बड़ा दावा,BJP ने पहले ही बुक कर लिए हैं सारे हेलीकॉप्ट
X
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी: Photo- Social Media

CM Mamta Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने भाजपा की चुनावी तैयारी को लेकर बड़ा दावा किया है। विपक्षी गठबंधन इंडिया की मुंबई बैठक से पहले ममता बनर्जी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार दिसंबर में ही लोकसभा चुनाव करा सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह चुनावी तैयारी में जुटी हुई है और उसने सारे हेलीकॉप्टर पहले ही बुक कर रखे हैं। इसका मकसद है कि दूसरे दलों के नेताओं को चुनाव प्रचार करने के लिए हेलीकॉप्टर उपलब्ध न हो सके।

ममता बनर्जी का यह बयान सियासी नजरिए से इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि विपक्ष के दो अन्य बड़े नेता भी समय से पहले लोकसभा चुनाव कराए जाने की आशंका जता चुके हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी दावा किया था कि मोदी सरकार समय से पहले लोकसभा चुनाव करा सकती है।

भाजपा ने कर ली है लोकसभा चुनाव की तैयारी

तृणमूल कांग्रेस के यूथ विंग की रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा काफी दिनों से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है और उसने अपनी तैयारियों को पूरा कर लिया है। मुझे इस बात का पक्का यकीन है कि वे लोकसभा चुनाव इस साल दिसंबर तक करा सकते हैं। बीजेपी वालों की तैयारी तो यहां तक है कि उन्होंने चुनाव कैंपेन के लिए सारे हेलीकॉप्टर बुक कर लिए हैं ताकि दूसरे दल हेलीकॉप्टर की सुविधा न पा सकें।

तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ने कहा कि यदि भाजपा लगातार तीसरी बार देश की सत्ता पर काबिज होने में कामयाब रही तो देश में तानाशाही की व्यवस्था कायम हो जाएगी। इसलिए भाजपा के इरादों से दूसरे सभी दलों को सतर्क रहने की जरूरत है।

ममता ने राज्यपाल पर भी साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंद बोस पर भी निशाना साधा। उन्होंने राज्यपाल पर संवैधानिक नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। ममता ने कहा कि मैं राज्यपाल के पद का काफी सम्मान करती हूं मगर राज्यपाल की संविधान विरोधी गतिविधियों का समर्थन नहीं कर सकती। ममता ने कहा कि राज्यपाल को चुनी हुई सरकार से पंगा नहीं लेना चाहिए।

ममता ने पश्चिम बंगाल में अपने सियासी संघर्ष की याद दिलाते हुए कहा कि मैंने पश्चिम बंगाल में माकपा के तीन दशक पुराने राज का खत्मा किया था। अब आने वाले लोकसभा चुनाव में हम भाजपा को हराकर अपनी ताकत दिखाएंगे। मजे की बात यह है कि वाम दल भी टीएमसी के साथ इंडिया गठबंधन में शामिल हैं मगर ममता बनर्जी लगातार लेफ्ट पर तीखा हमला करने में जुटी हुई हैं।

विवादित नारे लगाने वालों पर होगा एक्शन

जादवपुर यूनिवर्सिटी में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं की ओर से गोली मारने के नारे का जिक्र करते हुए ममता ने कहा कि बंगाल उत्तर प्रदेश नहीं है। पश्चिम बंगाल में ऐसा करना संभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य में किसी को भी विवादित नारे लगाने की छूट नहीं दी जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई होगी और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश नहीं है। हम विवादित तारों को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

कोलकाता के पास अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने ने कहा कि कुछ पुलिसकर्मियों के समर्थन से कुछ लोग गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त थे। ऐसे लोगों के खिलाफ खड़ा एक्शन लिया गया है। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल के दत्तपुकुर में रविवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ था जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story