×

कांग्रेस को मिल सकता है INDIA गठबंधन में अध्यक्ष पद, दावेदारी की तैयारी, सोनिया के इनकार के बाद खड़गे का दावा मजबूत

Opposition Alliance INDIA: मुंबई बैठक के दौरान गठबंधन के संयोजक और अध्यक्ष को लेकर फैसला लिया जा सकता है। गठबंधन के अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है।

Anshuman Tiwari
Published on: 26 July 2023 4:04 AM GMT
कांग्रेस को मिल सकता है INDIA गठबंधन में अध्यक्ष पद, दावेदारी की तैयारी, सोनिया के इनकार के बाद खड़गे का दावा मजबूत
X
Opposition Alliance INDIA (photo: social media )

Opposition Alliance INDIA: विपक्षी दलों की बेंगलुरु बैठक के बाद अब सबकी निगाहें मुंबई में होने वाली अगली बैठक पर लगी हुई हैं। विपक्षी दलों की पटना और बेंगलुरु में अभी तक हुई दो बैठकों के दौरान भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए के खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़ने का संकल्प तो लिया गया मगर अभी भी कई कदम उठाए जाने बाकी हैं।

बेंगलुरु की बैठक के दौरान विपक्षी गठबंधन का नाम INDIA रखे जाने पर सहमति बनी थी मगर इस गठबंधन के संयोजक और अध्यक्ष पद को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई थी। अब मुंबई बैठक के दौरान गठबंधन के संयोजक और अध्यक्ष को लेकर फैसला लिया जा सकता है। गठबंधन के अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है।

कांग्रेस कर सकती है अध्यक्ष पद की दावेदारी

विपक्षी गठबंधन में जितने दल शामिल हैं, उनमें सियासी रूप से कांग्रेस सबसे ज्यादा मजबूत है। कांग्रेस की कई राज्यों में सरकारें हैं और पार्टी के सांसदों की संख्या भी सबसे ज्यादा है। यही कारण है कि पार्टी में इंडिया गठबंधन की अध्यक्षता की दावेदारी करने की मांग जोर पकड़ रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सबसे बड़ा विपक्षी दल होने के कारण कांग्रेस को विपक्षी गठबंधन की अगुवाई करनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मुंबई बैठक के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान कांग्रेस को पूरी मजबूती के साथ सामने आना चाहिए।

विपक्षी गठबंधन के अध्यक्ष पद के लिए सोनिया गांधी सबकी पहली पसंद हैं। बेंगलुरु बैठक के दौरान भी कई वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया से अध्यक्ष पद संभालने का आग्रह किया था मगर उन्होंने यह जिम्मेदारी संभालने से इनकार कर दिया था। माना जा रहा है कि खराब सेहत के कारण वे इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार नहीं हैं।

सोनिया के इनकार के बाद खड़गे का दावा मजबूत

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के इस इनकार के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। बेंगलुरु की बैठक के दौरान भी खड़गे काफी अहम भूमिका में दिखे थे। उन्होंने ही विपक्षी गठबंधन का नाम INDIA रखे जाने का ऐलान किया था। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष की अगली बैठक मुंबई में आयोजित किए जाने की घोषणा भी की थी। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस की ओर से खड़गे विपक्षी गठबंधन के नए अध्यक्ष बन सकते हैं।

मुंबई की बैठक के दौरान विपक्षी गठबंधन के अध्यक्ष के साथ ही संयोजक का नाम भी तय किया जाना है। इस पद के लिए विपक्षी दलों की एकता के सूत्रधार और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दावेदारी सबसे ज्यादा मजबूत मानी जा रही है। जानकार सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन का संयोजक घोषित किया जा सकता है। बेंगलुरु बैठक के दौरान ही यह ऐलान होने की संभावना थी मगर किन्हीं कारणोंवश उस समय यह घोषणा नहीं की गई।

ममता और पवार को भी मिलेगी जिम्मेदारी

विपक्ष की एकजुटता भी कवायद में नीतीश कुमार के अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और एनसीपी के मुखिया शरद पवार भी प्रमुख भूमिका निभा रहा हैं। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि खड़गे और नीतीश कुमार के अलावा विपक्षी गठबंधन में ममता बनर्जी और शरद पवार को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। हालांकि यह देखने वाली बात होगी कि शरद पवार यह जिम्मेदारी स्वीकार करने के लिए तैयार होते हैं या नहीं।

पिछले दिनों एनसीपी में हुई बगावत के बाद शरद पवार के सामने नई सियासी मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। अजित पवार की अगुवाई में हुई बगावत के बाद अब शरद पवार के सामने महाराष्ट्र में अपना सियासी वजूद बचाने का बड़ा संकट पैदा हो गया है। ऐसे में अब सबकी निगाहें शरद पवार के अगले सियासी कदम पर टिकी हुई हैं।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story