Rajasthan Election 2023: राहुल गांधी ने राजस्थान में चुनाव प्रचार से बना रखी है दूरी, BJP की आक्रामक रणनीति, कांग्रेस नेता के रुख पर उठ रहे सवाल

Rajasthan Election 2023: भाजपा के साथ कांटे का मुकाबला होने के बावजूद राहुल गांधी अभी तक पार्टी प्रत्याशियों का प्रचार करने के लिए राजस्थान नहीं पहुंचे हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 11 Nov 2023 4:30 AM GMT
Rahul Gandhi
X

Rahul Gandhi  (photo: social media )

Rajasthan Election 2023: राजस्थान के विधानसभा चुनाव में इन दिनों भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक रखी है मगर कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी की प्रचार से दूरी पर हैरानी भी जताई जा रही है। भाजपा के साथ कांटे का मुकाबला होने के बावजूद राहुल गांधी अभी तक पार्टी प्रत्याशियों का प्रचार करने के लिए राजस्थान नहीं पहुंचे हैं। हालांकि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी जरूर राज्य का दौरा चुकी हैं। राजस्थान में कांग्रेस की ओर से प्रचार की कमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संभाल रखी है।

दूसरी ओर कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए भाजपा ने आक्रामक प्रचार अभियान छोड़ रखा है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में दिग्गज भाजपा नेता राजस्थान में पार्टी प्रत्याशियों की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। राहुल गांधी के प्रचार से कटे होने पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं। हालांकि कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि दीपावली के बाद राहुल गांधी प्रचार के लिए आएंगे मगर तब प्रचार के लिए काफी कम समय बचेगा क्योंकि राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होने वाला है।

Rajasthan Elections 2023: युवा नेता ने बढ़ा दी भाजपा और कांग्रेस की चिंता, साथ चलता है युवाओं का हुजूम, जानिए कौन हैं रविंद्र सिंह भाटी?

चुनाव के ऐलान के बाद नहीं किया प्रचार

राजस्थान में चुनाव के ऐलान के बाद राहुल गांधी अभी तक प्रचार करने के लिए नहीं पहुंचे हैं। राहुल गांधी ने 23 सितंबर को राजस्थान का आखिरी बार दौरा किया था और उस दिन वे जयपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने 9 अगस्त को बांसवाड़ा जिले के मानगढ़ धाम में पार्टी की रैली को संबोधित किया था। राजस्थान में चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के बाद भाजपा की ओर से पीएम मोदी की कई रैलियां हो चुकी हैं मगर राहुल गांधी ने अभी तक एक भी सभा को संबोधित नहीं किया है। राज्य में प्रचार की कमान मुख्य रूप से है मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संभाल रखी है।


कांग्रेस की ओर से अभी तक पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दो-दो रैलियां को संबोधित किया है। खड़गे 16 अक्टूबर और 6 नवंबर को राजस्थान के दौरे पर पहुंचे थे। 6 नवंबर को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नामांकन के बाद जोधपुर में रैली का आयोजन किया गया था जिस खड़गे ने संबोधित किया था। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने 20 अक्टूबर को राजस्थान में दो रैलियों का संबोधित किया था। इसके बाद राजस्थान में उनका भी दौरा नहीं हुआ है।

Rajasthan Elections 2023: न खेत है, न महल, महज 50 लाख के घर और 18 किलो गहने की मालकिन हैं वसुंधरा राजे

तो क्या इस कारण प्रचार से बनाई दूरी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पिछले दिनों इस बार राजस्थान में नजदीकी टक्कर होने की बात कही थी। जानकारों का कहना है कि राजस्थान की अपेक्षा उन्होंने चार अन्य चुनावी राज्यों पर विशेष फोकस किया है। राजस्थान समेत पांच राज्यों में 9 अक्टूबर को चुनाव का ऐलान किया गया था। इसके बाद राहुल गांधी मिजोरम में लगातार तीन दिन चुनाव प्रचार कर चुके हैं। तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होने वाला है मगर वहां भी राहुल गांधी की रैलियों और रोड शो का आयोजन हो चुका है।


राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होने वाला है मगर राहुल गांधी के प्रचार के लिए न पहुंचने पर सवाल भी उठ रहे हैं। सियासी जानकारी का कहना है कि राजस्थान में करीब तीन दशक से हर पांच साल पर सत्ता परिवर्तन का ट्रेंड रहा है और इस कारण राहुल गांधी का विशेष फोकस चार अन्य चुनावी राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम और तेलंगाना पर दिखा है। हालांकि उनके दीपावली के बाद राजस्थान के चुनावी दौरे पर पहुंचने की बात भी कहीं जा रही है।

भाजपा ने अपना रखी है आक्रामक रणनीति

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव को सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन पांच राज्यों में चुनाव नतीजे की घोषणा 3 दिसंबर को होने वाली है और माना जा रहा है कि पांच राज्यों के चुनाव नतीजे से बड़ा सियासी संदेश निकलेगा। मिजोरम में वोटिंग का काम पूरा हो चुका है जबकि छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण की वोटिंग 17 नवंबर को होने वाली है।

Rajasthan Election 2023: लाल डायरी के जरिए शाह का गहलोत पर बड़ा हमला, कहा-शर्म होती तो दे देते सीएम पद से इस्तीफा

राजस्थान के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने आक्रामक रणनीति अपना रखी है। पार्टी के दिग्गज नेताओं पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी प्रत्याशियों की विजय सुनिश्चित करने के लिए जोरदार अभियान छेड़ रखा है। ऐसे में सबकी निगाहें राहुल गांधी पर लगी हुई हैं। दीपावली के बाद राहुल गांधी कब राजस्थान में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचते हैं,यह देखने वाली बात होगी।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story