×

MCD Election 2022: दिल्ली में मतदान समाप्त, 1349 प्रत्याशियों का भाग्य बंद, फैसले का इंतजार

MCD Election 2022: दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए आज (4 दिसंबर) वोटिंग हो रहे हैं। एमसीडी के 250 वार्ड में कुल 1,349 प्रत्याशी मैदान में हैं। नतीजे 7 दिसंबर को आएंगे।

aman
Written By aman
Published on: 4 Dec 2022 1:30 PM GMT (Updated on: 4 Dec 2022 1:32 PM GMT)

MCD Election 2022: राज्य चुनाव आयोग ने रविवार को बताया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सभी 250 वार्डों में शाम चार बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 45 फीसदी (लगभग) रहा। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के उच्च दांव वाले चुनाव में मतदान आज सुबह 8 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच हुआ, जिसमें आम आदमी पार्टी भाजपा से सत्ता छीनने की कोशिश कर रही थी।

तीनों मुख्य दलों ने सभी 250 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जिनमें से सभी में 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा लगातार चौथी बार नगर निकाय पर नजर गड़ाए हुए है। संसदीय, विधानसभा और नगर निगमों के चुनावों में 2015 से लगातार राष्ट्रीय राजधानी में हार का सामना करने वाली कांग्रेस जमीन तलाश रही है।

भाजपा शासित केंद्र ने राष्ट्रीय राजधानी में तीन निगमों को दिल्ली नगर निगम (MCD) में एकीकृत कर दिया था, जिससे वार्डों की संख्या 272 से घटाकर 250 कर दी गई थी। बीजेपी नेताओं ने दावा किया कि वे 4 दिसंबर को 250 एमसीडी वार्डों के लिए चुनाव जीतेंगे। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) और उसके संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। केजरीवाल के नेतृत्व में आप नेताओं ने भाजपा पर समान जोश के साथ हमला किया है। अब रिजल्ट आने पर पता चलेगा जनता इन सब से कितना प्रभावित रही।

MCD Election 2022 एक नजर

राज्य चुनाव आयोग (State Election Commission) के अनुसार, दिल्ली में वोटर्स की कुल संख्या 1,45,05,322 है। इनमें 78,93,403 पुरुष, जबकि 66,10,858 महिलाएं हैं। एमसीडी चुनाव में 1,061 ट्रांसजेंडर भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। दिल्ली में 100 साल से अधिक उम्र वाले मतदाताओं की संख्या 229 है, जबकि 80 से 100 साल के बीच वोटर्स की संख्या 2,04,301 है। एमसीडी में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं की संख्या भी करीब 95458 है। आपको बता दें, दिल्ली नगर निगम दुनिया के सबसे बड़े निकायों में से एक है।

भारी सुरक्षा के बीच मतदान, चप्पे-चप्पे पर नजर

एमसीडी चुनाव को सरल तरीके से संपन्न कराने के लिए करीब 40 हजार पुलिसकर्मियों, 20,000 होमगार्ड तथा अर्धसैनिक व राज्य सशस्त्र पुलिस बलों (State Armed Police Forces) की 108 कंपनियां तैनात की गई है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि, संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 60 ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। एमसीडी के 250 वार्ड के लिए हो रहे चुनाव में पुलिस की नजर मुख्यत: सांप्रदायिक तनाव की आशंका रोकने तथा प्रत्याशियों को अवैध तरीकों से मतदाताओं को लुभाने की कोशिश करने से रोकने पर है।

Live Updates

  • 4 Dec 2022 5:23 AM GMT

    हर्षवर्धन का AAP अटैक- 'वो भ्रष्टाचार के पहाड़ पर बैठे हैं..'

    भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने एमसीडी चुनाव के लिए मतदान किया। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) पर हमला बोला। हर्षवर्धन ने कहा, 'जो लोग राजनीतिक मूल्यों के नाम पर सत्ता में आए, वे आज भ्रष्टाचार के बड़े-बड़े पहाड़ों पर बैठे हैं। दिल्ली की जनता ने MCD में बीजेपी के 15 वर्षों के कार्यकाल और पांच साल की सरकार का कामकाज देखा है। जनता घर से निकलकर अपने विवेक का इस्तेमाल कर मतदान करेगी।'

  • 4 Dec 2022 5:19 AM GMT

    106 साल की मतदाता ने डाला वोट


    दिल्ली एमसीडी चुनाव में 106 साल की बुजुर्ग महिला ने भी मतदान किया। 106 साल की बुजुर्ग महिला परिजनों के साथ बड़ा हिंदूराव मतदान केंद्र पहुंचीं और वोट डाले। बुजुर्ग मतदाता का बूथ पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने भी सहयोग किया। 

  • 4 Dec 2022 5:16 AM GMT

    उत्तरी दिल्ली में ड्रोन से निगरानी

    दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए मतदान जारी है। एमसीडी चुनाव को लेकर दिल्ली पुलिस मुस्तैद है। प्रशासन संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरत रहा है। कड़ी निगरानी के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। उत्तरी दिल्ली में ड्रोन कैमरे से लगातार निगरानी की जा रही है। 

  • 4 Dec 2022 5:13 AM GMT

    केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने किया ट्वीट 

    केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'आपने ग़रीबों के सामाजिक और आर्थिक विकास की उन नीतियों के प्रति अपना अपार प्रेम और समर्थन दिखाया जिनसे देश भर में लोगों के जीवन में परिवर्तन आ रहा है। आज दिल्ली को एक और भी उज्ज्वल भविष्य देने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करें - अपना वोट अवश्य डालें।'


  • 4 Dec 2022 5:11 AM GMT



  • 4 Dec 2022 5:09 AM GMT

    अजय माकन, हरदीप पुरी समेत दिग्गजों ने डाला वोट

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा, हर्षवर्धन समेत कई दिग्गजों ने एमसीडी चुनाव के लिए मतदान किया। ये सभी केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी नेताओं ने वोटिंग के बाद लोगों से अपने घरों से निकलने और वोट डालने की अपील की। वहीं, हरदीप पुरी ने ट्वीट कर दिल्लीवासियों से भारी मतदान की अपील की। 

  • 4 Dec 2022 5:06 AM GMT

    दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष का नाम वोटर लिस्ट से नदारद

    दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल चौधरी जब आज मतदान के लिए पहुंचे तो दंग रह गए। उनका नाम वोटर लिस्ट में था ही नहीं। अनिल चौधरी कोंडली वार्ड के मतदान केंद्र पर वोट देने पहुंचे थे। मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर अनिल चौधरी को बगैर वोट डाले ही वापस लौटना पड़ा।

  • 4 Dec 2022 3:24 AM GMT

    सिविल लाइंस में सीनियर सिटीजन ने डाले वोट


    दिल्ली में गुलाबी ठंड के बीच वोटिंग जारी है। मौसम सर्द है मगर माहौल में चुनावी गर्मी महसूस की जा सकती है। सर्दी के बावजूद कई पोलिंग बूथ पर सीनियर सिटीजन सुबह-सुबह ही वोट डालने पहुंचे हैं। सिविल लाइंस के एक पोलिंग बूथ पर कई वरिष्ठ नागरिकों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 

  • 4 Dec 2022 3:12 AM GMT

    सिसोदिया- कूड़े के पहाड़ पर अबकी बार चलेगी 'झाड़ू'

    दिल्ली नगर निगम के लिए मतदान जारी है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्लीवासियों से मतदान में खुलकर वोटिंग करने की अपील की है। उन्होंने दावा किया कि इस बार MCD के कूड़े के पहाड़ पर झाड़ू चलेगी। वहीं, दिल्ली सरकार के मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा, कि 'आपके एक-एक वोट से ही दिल्ली को कूड़े के पहाड़ से मुक्त किया जा सकेगा। गहलोत ने दिल्ली को साफ और सुंदर बनाने के लिए तथा तरक्की और समृद्धि के लिए मतदान की अपील की है।

  • 4 Dec 2022 3:09 AM GMT

    VVPAT मशीन का इस्तेमाल

    MCD चुनाव में VVPAT मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बता दें, वीवीपैट मशीन का इस्तेमाल होने पर मतदान के बाद एक पर्ची निकलती है। इस पर्ची से मतदाता को ये जानकारी मिलती है कि उसका वोट किसे गया है। 

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story