Delhi Politics : केजरीवाल के बाद आतिशी, क्या संगठन और नई सरकार में दिखेंगे बदलाव?

Delhi Politics : आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। आप नेता आतिशी ने नई सरकार के गठन का दावा पेश कर दिया है। इस बड़े उलटफेर के बीच संगठन और नई सरकार में क्या बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे, आइये जानते हैं -

Rajnish Verma
Published on: 17 Sep 2024 1:26 PM GMT (Updated on: 17 Sep 2024 3:06 PM GMT)
Delhi Politics : केजरीवाल के बाद आतिशी, क्या संगठन और नई सरकार में दिखेंगे बदलाव?
X

Delhi Politics : देश के दो राज्यों, हरियाणा और जम्मू कश्मीर में भले ही विधानसभा चुनाव का ऐलान हो चुका है, लेकिन इस समय चर्चा सबसे ज्यादा दिल्ली की हो रही है। दरअसल, आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही उन्होंने अपना उत्तराधिकारी भी घोषित कर दिया है। दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री आतिशी को नया सीएम बनाने के प्रस्ताव पर मुहर भी लग गई है। आतिशी ने नई सरकार के गठन के लिए उपराज्यपाल के पास अपना दावा भी पेश कर दिया है। वहीं, ऐसे में अब सबके मन में एक ही सवाल है कि दूसरी पंक्ति बैठनी वाली आतिशी अब पहली पंक्ति में आ गई हैं, ऐसे में संगठन और नई सरकार में क्या बदलाव देखने को मिलेंगे। तो आइये जानते हैं -

यह भी पढ़ें - Delhi Politics : अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, आतिशी ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया

आम आदमी पार्टी की नेता एवं कैबिनेट मंत्री आतिशी ने बड़े-बड़े नेताओं को पीछे छोड़ दिया है, वह महज 43 साल की हैं। पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल ने आतिशी पर ही भरोसा जताते हुए अपना उत्तराधिकारी चुन लिया है। दिल्ली में नई सरकार के गठन के बाद क्या पुराने मंत्रियों को जगह दी जाएगी या नए मंत्रियों पर दांव खेला जाएगा, पार्टी की तरफ इस पर कोई बयान नहीं आया है। हालांकि आतिशी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका कैबिनेट का पद खाली हो जाएगा। ऐसे में साफ है कि नई सरकार में नए चेहरों को जगह मिल सकती है। हालांकि भले ही अगले चुनाव तक आतिशी को सीएम बनाये जाने की बात कही जा रही हो, लेकिन संगठन में उनका कद तो बढ़ ही गया है। पहले वह दूसरी और तीसरी पंक्ति में बैठती थीं, लेकिन अब वह पहली पंक्ति में दिखाई देंगी।

यह भी पढ़ें - Delhi CM Atishi: आतिशी का मार्लेना सरनेम, जाने इसमें छिपा है कौन सा बड़ा राज

सरकार और संगठन में दिखेंगे ये संभावित बदलाव

- आतिशी के सीएम बनने के बाद कैबिनेट में नए चेहरों को जगह मिल सकती है, क्योंकि केजरीवाल सरकार में रहा उनका कैबिनेट पद खाली हो जाएगा।

- दिल्ली में संवैधानिक रूप से अधिकतम 7 मंत्री ही बनाए जा सकते हैं। दिल्ली की नई सरकार में यदि पुरानी कैबिनेट को ही शामिल किया जाएगा तो पांच ही चेहरे हैं। ऐसे में दो नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है।

- दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री राजकुमार आनंद ने अप्रैल 2024 में इस्तीफा दे दिया था। नई सरकार में उनके स्थान पर किसी नई दलित चेहरे को शामिल किया जा सकता है। हालांकि आतिशी के स्थान पर कौन आएगा, ये देखने वाली बात होगी। हालांकि विश्लेषकों का मानना है कि नई सरकार में ऐसे चेहरे को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है, जो दिल्ली के साथ हरियाणा में भी पार्टी को फायदा पहुंचा सके, क्योंकि हरियाणा में चुनाव का ऐलान हो चुका है।

- केजरीवाल सरकार में डिप्टी सीएम का पद मनीष सिसोदिया के पास था, लेकिन जेल जाने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। क्या अब आतिशी सरकार में भी किसी को डिप्टी सीएम का पद दिया जा सकता है? क्योंकि आगामी चुनाव को देखते हुए पार्टी दांव चल सकती है, किसी नए युवा चेहरे को आगे कर सकती है।


- आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के साथ पहले मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, भगवंत मान और राघव चड्ढा पहली पंक्ति में बैठते थे, लेकिन आतिशी दूसरी और तीसरी पंक्ति में नजर आती थीं। आतिशी के सीएम बनने के बाद वह पहली पंक्ति में नजर आएंगी, इससे कुछ वरिष्ठ नेता असहज भी दिखाई दे सकते हैं। हालांकि अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है।

- बीते लोकसभा चुनाव में स्टार प्रचारकों की सूची में आतिशी का नाम 12वें स्थान पर था, हालांकि मुख्यमंत्री बनने के बाद वह स्टार प्रचार की सूची में उनका नाम अब ऊपर दिखाई देगा।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story