×

Wrestlers Protest: पहलवानों के संघर्ष में साथ देने पहुंची कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, बोलीं-खिलाड़ियों को न्याय दिलाए

Wrestlers Protest: धरने पर बैठे बजरंग पुनिया देर रात इंस्टाग्राम पर लाइव आए और उन्होने कहा कि हम देश को लोगों की दिल्ली पुलिस की सच्चाई दिखाना चाहते हैं। धरना प्रदर्शन की जगह पर लाइट काट दी गई है। सभी गेट बंद कर दिए गए हैं। एसीपी ने हम सभी लोगों से साफ कहा कि जो करना है कर लो, खाना और पानी अंदर नहीं लाने देंगे।

Jugul Kishor
Published on: 29 April 2023 8:21 AM GMT (Updated on: 29 April 2023 12:56 PM GMT)
Wrestlers Protest: पहलवानों के संघर्ष में साथ देने पहुंची कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, बोलीं-खिलाड़ियों को न्याय दिलाए
X
धरने पर बैठे पहलवानों के बीच प्रियंका गांधी ( सोशल मीडिया)

Wrestlers Protest: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर पहलवानों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। सुप्रीम कोर्ट की दखल के बाद भारतीय कुश्ती संघ के अध्य़क्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शऱण सिंह के खिलाफ दो एफआई दर्ज हो गई। लेकिन, जंतर मंतर पर धरना दे रहे पलवानों के लिए आधी रात में मुश्किलें खड़ी हो गई। दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया। वहीं, पहलवानों ने आरोप लगाया कि उन्हे पुलिस प्रशासन खाना और पानी भी नहीं लाने दे रहा है।

जंतर मंतर पर पहलवानों से मिलीं प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को जंतर मंतर पहुंची। प्रियंका गांधी ने कथित यौन उत्पीड़न मामले में WFI प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों से मुलाकात की। प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी जंतर मंतर पहुंचे। प्रियंका गांधी ने कहा कि जब देश की बेटियां मेडल जीतकर आती हैं तो हम सभी गर्व करते हैं, लेकिन आज जब वही बेटियां न्याय के लिए सड़क पर बैठी हैं तो कोई सुनने को तैयार नहीं। ऐसे में जरूरी है कि आरोपी को पद से हटाया जाए ताकि वो पद का दुरुपयोग कर खिलाड़ियों पर दबाव न बनाए। साथ ही जो FIR दर्ज हुई है उसकी कॉपी दिखाई जाए।

पहलवानों को दी गई FIR की कॉपी

पहलवानों के वकील नरेंद्र हुड्डा ने कहा कि पहलवानों के पास FIR की कॉपी पहुचाई गई। पोक्सो के तहत दर्ज FIR की कॉपी पहलवानों को नहीं दी गई, वो कॉपी पीड़ित परिवार को दी जायेगी। दिल्ली पुलिस ने IPC की धारा 354, 354(ए), 354(डी) और 34 के तहत एक FIR दर्ज की है।

मैं पूरी तरह से निर्दोष हूं, बोले- बृजभूषण सिंह

पहलवानों द्वारा उनके खिलाफ प्रदर्शन और दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज़ FIR पर WFI प्रमुख बृज भूषण सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस की। मुझे सुप्रीम कोर्ट पर पूरा विश्वास है। इस देश में सुप्रीम कोर्ट से कोई बड़ा नहीं हो सकता। सुप्रीम कोर्ट के सामने FIR करने की बात आई है। जांच एजेंसी पर मुझे पूरा भरोसा है। मैं पूरी तरह से निर्दोष हूं और इन आरोपों का सामना करने के लिए तैयार हूं, जांच में सहयोग करने के लिए भी तैयार हूं।

'जो करना है कर लो, खाना और पानी अंदर नहीं लाने देंगे'

धरने पर बैठे बजरंग पुनिया देर रात इंस्टाग्राम पर लाइव आए और उन्होने कहा कि हम देश को लोगों की दिल्ली पुलिस की सच्चाई दिखाना चाहते हैं। धरना प्रदर्शन की जगह पर लाइट काट दी गई है। सभी गेट बंद कर दिए गए हैं। एसीपी ने हम सभी लोगों से साफ कहा कि जो करना है कर लो, खाना और पानी अंदर नहीं लाने देंगे। ये दिल्ली पुलिस का व्यवहार हैं। दिल्ली पुलिस पर कितना दबाव है सोचिए, जब पूरा देश हमारे समर्थन में खड़ा है, तब दिल्ली पुलिस का ये हाल है। बजरंग पुनिया ने कहा के देख लीजिए, जिस समय हम लोग खाना खाने के लिए बैठे हैं, ठीक उसी समय लाइट काट दी गई है। साक्षी मलिक, विनेश फोगाट, और संगीता फोगाट समेत तमाम पहलवान फोने की टार्च में खाना खाते हुए दिखाई दिए।

WFI अध्यक्ष ब्रृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ FIR दर्ज होने पर पहलवान सत्यव्रत कादियान ने कहा कि ये अच्छी बात है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफआईआर से हमें क्या मिलेगा? FIR से थोड़ी न्याय मिलता है? दिल्ली पुलिस को पहले ही दिन FIR दर्ज कर लेनी चाहिए थी। अभी तो हमारी ऑन-पेपर लड़ाई शुरू हुई है। हमारी मांग है कि कुश्ती को राजनीति से अलग किया जाए और हमारी महिला पहलवानों का भविष्य सुरक्षित किया जाए।

वहीं, धरने पर बैठे सभी पहलवानों का कहना है कि जब तब भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब वह जंतर मंतर से नहीं हटेंगे।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Next Story