Karnataka Election 2023: कर्नाटक चुनाव से पहले 'संप्रभुता' वाले बयान पर मुश्किल में कांग्रेस, खड़गे को EC ने भेजा नोटिस

Karnataka Election 2023: कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के 'संप्रभुता' वाले बयान पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया।

Aman Kumar Singh
Published on: 8 May 2023 10:19 PM GMT (Updated on: 8 May 2023 10:34 PM GMT)
Karnataka Election 2023: कर्नाटक चुनाव से पहले संप्रभुता वाले बयान पर मुश्किल में कांग्रेस, खड़गे को EC ने भेजा नोटिस
X
मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी (Social Media)

Karnataka Election 2023: कर्नाटक चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी मुश्किलों में घिरती नजर आ रही है। दरअसल, भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने सोमवार (08 मई) को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) को कर्नाटक राज्य के 'संप्रभुता' वाले बयान पर स्पष्टीकरण देने को कहा है। आयोग ने इसके लिए नोटिस भेजा है। इलेक्शन कमीशन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शिकायत दी थी कि, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने कर्नाटक की कथित 'संप्रभुता' पर टिप्पणी की है। इसी मुद्दे पर EC ने ये नोटिस जारी किया।

बता दें कि, बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव (Bhupendra Yadav) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज दिल्ली में चुनाव आयोग के समक्ष एक मेमोरेंडम पेश किया। बीजेपी ने आयोग में शिकायत दर्ज करते हुए सोनिया गांधी के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की। बीजेपी ने सोनिया को इस टिप्पणी के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

कांग्रेस चीफ दें स्पष्टीकरण
भारतीय चुनाव आयोग (Election Commission of India) के बयान में कहा गया है कि, 'आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस भेजकर बयान पर स्पष्टीकरण देने तथा सुधार करने को कहा है। ये नोटिस सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट पर भेजा गया है। दरअसल, कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से इस पोस्ट को शेयर किया गया था।' बीजेपी ने तो आयोग से FIR दर्ज करने तक की मांग की थी।

रद्द हो कांग्रेस पार्टी की मान्यता

बीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से शिकायत में ये आरोप लगाया था कि, संपूर्ण भारत का कर्नाटक एक अभिन्न अंग है। एक सदस्य राज्य की 'संप्रभुता की रक्षा के लिए आह्वान' अलगाव के लिए आह्वान है। ये खतरनाक है। इसके हानिकारक परिणाम सामने आ सकते हैं। आयोग से शिकायत करने गए डेलिगेशन के सदस्य तरुण चुग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (Representation of the People Act) का हवाला दिया। कहा कि, कांग्रेस पार्टी की मान्यता रद्द कर देनी चाहिए।

क्या कहा था कांग्रेस ने?

बीजेपी ने भारतीय चुनाव आयोग को शिकायत में कांग्रेस के ऑफिशियल अकाउंट से किए ट्वीट का स्क्रीनशॉट दिखाया। विपक्षी पार्टी ने ट्वीट में लिखा है कि, 'सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी (CPP Chairperson Sonia Gandhi) ने 6.5 करोड़ रुपए कन्नाडिगाओं को एक स्ट्रांग मैसेज भेजा है। कांग्रेस किसी को भी कर्नाटक की प्रतिष्ठा, संप्रभुता और अखंडता के लिए खतरा पैदा करने नहीं देगी।'

पीएम ने रैली में उठाया था

मुद्दा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने भी इस मुद्दे को रविवार को जनसभा में उठाया था। प्रधानमंत्री ने चुनावी रैली में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि, कांग्रेस कर्नाटक को भारत से 'सेपरेट' करने की राजनीति कर रही है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि, 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' (राष्ट्र विरोधी समूह) की बीमारी कांग्रेस के टॉप लेवल तक पहुंच गई है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story