×

त्रिपुरा में 16 फरवरी, मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को मतदान.. 2 मार्च को आएंगे नतीजे

चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। उन्होंने वोटिंग और नतीजे घोषित होने की तारीखों के बारे में बताया।

aman
Written By aman
Published on: 18 Jan 2023 1:22 PM GMT (Updated on: 18 Jan 2023 1:22 PM GMT)
Election Commission PC LIVE Updates
X

मुख्य चुनाव आयुक्त सहित अन्य (Social Media)

भारतीय निर्वाचन आयोग ने नागालैंड (Nagaland), मेघालय (Meghalaya) और त्रिपुरा (Tripura) में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।

चुनाव आयोग ने त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार (18 जनवरी) को तारीखों का ऐलान किया। तीनों राज्यों में पिछली बार की तरह दो चरणों में मतदान होंगे। त्रिपुरा में जहां 16 फरवरी को वोटिंग होगी, वहीं नगालैंड और मेघालय में एक साथ 27 फरवरी को मतदान होगा। इन तीनों राज्यों के चुनाव परिणाम 2 मार्च को घोषित किए जायेंगे। आपको बता दें, त्रिपुरा में बीजेपी की सरकार है, तो मेघालय और नगालैंड में बीजेपी सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा है।

आपको बता दें, आयोग के सदस्यों ने पूर्वोत्तर के इन तीनों राज्यों में चार दिवसीय दौरा किया था। इस दौरे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार (CEC Rajeev Kumar) के साथ दोनों आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय (Anoop Chandra Pandey) और अरुण गोयल (Arun Goyal) भी थे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने तीनों राज्यों में चुनावी माहौल का जायजा लिया। साथ ही, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशकों के साथ राजनीतिक दलों के नुमाइंदों के साथ बैठकें की।

Live Updates

  • 18 Jan 2023 9:47 AM GMT

    स्कूलों के लिए EC की ओर से तोहफा

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने ये भी कहा कि, हमने अब नियम बनाया है कि मतदान बूथों पर शौचालय, रैंप तथा पानी की सुविधा दी जाए वो स्थाई हो। ये उन स्कूलों के लिए चुनाव आयोग की तरफ से तोहफा होगा, जिनमें ये सुविधाएं नहीं हैं। 

  • 18 Jan 2023 9:46 AM GMT

    इन राज्यों में 62.8 लाख से अधिक मतदाता

    CEC राजीव कुमार ने कहा कि, नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा में संयुक्त रूप से 62.8 लाख से अधिक मतदाता हैं। जिनमें 31.47 लाख महिला मतदाता, 97 हजार मतदाता 80 वर्ष की आयु से अधिक और 31,700 दिव्यांग वोटर्स शामिल हैं। गौरतलब है कि, तीनों राज्यों में 60 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होंगे। 

  • 18 Jan 2023 9:42 AM GMT

    त्रिपुरा में 16 फरवरी और नागालैंड-मेघालय में 27 फरवरी को मतदान

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, त्रिपुरा में 16 फरवरी और नागालैंड तथा मेघालय में 27 फरवरी को मतदान होंगे। इन तीनों राज्यों के नतीजे 2 मार्च को घोषित किये जायेंगे। 

  • 18 Jan 2023 9:32 AM GMT

    97 हजार वोटरों की उम्र 80 वर्ष से अधिक

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया, नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा की विधानसभा का कार्यकाल क्रमशः 12 मार्च, 15 मार्च और 22 मार्च को समाप्त हो रहा है। इन राज्यों में 97 हजार मतदाता ऐसे हैं जिनकी उम्र 80 वर्ष से अधिक है। वहीं, 2,600 वोटर्स 100 साल से अधिक आयु के हैं। 

  • 18 Jan 2023 9:29 AM GMT

    CEC ने कहा- 9000 से ज्यादा होंगे पोलिंग स्टेशन

    मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि, इन तीनों राज्यों में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक है। महिला मतदाताओं की संख्या भी ज्यादा है। हम 11 से 14 जनवरी तक तीनों राज्यों के दौरे पर रहे थे। हमने उन लोगों के लिए एडवांस नोटिस (advance notice) का प्रावधान किया है। अर्थात जो 17 वर्ष के हो गए हैं, लेकिन 18 साल के नहीं हुए हैं ताकि 18 साल का होते ही उन्हें वोटर कार्ड मिल जाए। उनका जल्द से जल्द नाम मतदाता सूची से जुड़ जाए। इन तीनों राज्यों में ऐसे 10 हज़ार लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। तीनों राज्यों में 9000 से अधिक पोलिंग स्टेशन होंगे। जिनमें 376 ऐसे होंगे जो पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित किये जायेंगे। 

  • 18 Jan 2023 9:26 AM GMT

    2.28 लाख नए वोटर जुड़े

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि, 2.28 लाख नए मतदाता जुड़े। निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। 

  • 18 Jan 2023 9:24 AM GMT

    CEC राजीव कुमार- वोटर लिस्ट हुई तैयार

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि, वोटर लिस्ट पब्लिश हो चुकी है। पूर्वोत्तर के इन तीनों राज्यों में महिला वोटरों की संख्या पहले की अपेक्षा बढ़ी है। उन्होंने ये भी बताया कि नगालैंड में 2,315, मेघालय में 3,482 और त्रिपुरा में 3,328 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। 50 प्रतिशत पोलिंग बूथ पर वेबकास्टिंग (webcasting at polling booth) की जाएगी।

  • 18 Jan 2023 9:21 AM GMT

    CEC- लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं

    CEC राजीव कुमार ने पीसी में आगे कहा, 'पूर्वोत्तर के तीनों राज्यों का चुनाव आयोग के अधिकारियों ने दौरा किया था। इस दौरान वहां के प्रशासनिक अधिकारियों से भी भेंट-मुलाकात हुई। उन्होंने फीडबैक दिया। बता दें, कुछ ही राज्य ऐसे हैं, जहां विधानसभा चुनाव के बाद और पहले हिंसा की घटनाएं देखने को मिलती हैं। हाल ही में सम्पन्न दो राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए हैं। वहां ऐसी कोई हिंसा चुनाव के दौरान नहीं हुई। मुख्य चुनाव आयुक्त ने ये भी कहा, कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। हम उम्मीद करते हैं कि इन चुनावों में भी हिंसा देखने को नहीं मिलेगी।'

  • 18 Jan 2023 9:17 AM GMT

    CEC बोले- तीनों राज्यों में 60-60 विधानसभा सीटें

    चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'यह नए साल की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस है। यह चुनाव से संबंधित हमारी पहली पीसी है। इस साल अन्य राज्यों में भी चुनाव होंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस आगे भी होती रहेंगी। CEC राजीव कुमार ने बताया कि, नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा में क्रमश: 12 मार्च, 15 मार्च और 22 मार्च को विधानसभा चुनाव का कार्यकाल खत्म हो रहा है। तीनों राज्यों में विधानसभा की 60-60 सीटें हैं। इन तीनों राज्यों में महिलाओं की वोटिंग में भागीदारी अधिक रही है।  

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story