×

झारखंड में बदज़ुबान सियासत, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झामुमो को बताया चोट्टा

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने एक चुनावी सभा में कहा कि, झारखंड में चोट्टा लोग राज कर रहे हैं। पूर्व सीएम के इस बयान के बाद झामुमो और भाजपा आमने-सामने हो गई है।

Newstrack
Published on: 21 Oct 2020 6:50 AM GMT
झारखंड में बदज़ुबान सियासत, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झामुमो को बताया चोट्टा
X
झारखंड में बदज़ुबान सियासत, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झामुमो को बताया चोट्टा (Photo by social media)

रांची: झारखंड में आगामी 03 नवंबर को दुमका और बेरमो विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। दोनो ही सीटें सत्ताधारी झामुमो और कांग्रेस की सीटिंग सीट रही है। भाजपा भी इन दोनों विधानसभा सीटों को हर हाल जीतना चाहती है। लिहाज़ा, सियासी रस्साकसी बढ़ती जा रही है। इस बीच राजनीतिक मर्यादा भी टूटती नज़र आ रही है।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने एक चुनावी सभा में कहा कि, झारखंड में चोट्टा लोग राज कर रहे हैं। पूर्व सीएम के इस बयान के बाद झामुमो और भाजपा आमने-सामने हो गई है। जेएमएम ने कहा है कि, झारखंड में झारखंडी राज करे तो चोट्टा कहलाएंगे और छत्तीसगढ़िया राज करे तो उसे क्या कहेंगे।

ये भी पढ़ें:बारिश बनेगी काल: इन राज्यों में 3 दिन मचेगी तबाही, जारी हुआ हाई-अलर्ट

रघुवर दास को झामुमो ने दिया जवाब

सत्ताधारी झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा है कि, रघुवर दास को झारखंड की जनता ने नकार दिया है। विधानसभा चुनाव में रघुवर दास ने ना सिर्फ अपनी सीट गंवाई बल्कि पार्टी को भी सत्ता से दूर होना पड़ा। लिहाज़ा, तिलमिलाए रघुवर दास आमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं। सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा कि, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अपनी टीम में ऐसे-ऐसे लोगों को रखते हैं जिन्हे भाषाई मर्यादा का ज्ञान नहीं है। उन्होने कहा कि, चोट्टापन भाजपा के खून में है। नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो रघुवर दास की जांच करे। इसका पूरा खर्च राज्य सरकार या फिर झामुमो देगी। अगर रघुवर दास का मानसिक संतूलन बिगड़ गया है तो दिमाग़ी इलाज के लिए रांची में विश्व विख्यात सीआईपी में इलाज करा सकते हैं।

jharkhand-bjp jharkhand-bjp (Photo by social media)

भाजपा ने भी रघुवर दास से किया किनारा

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आपत्तिजनक बयान के बाद भाजपा घिरी हुई नज़र आ रही है। पार्टी को जवाब नहीं मिल रहा है। इस बीच पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश से जब पत्रकारों ने पूछा कि, रघुवर दास के बयान पर आपको क्या कहना है। इसपर दीपक प्रकाश ने कहा कि, रघुवर दास पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। लिहाज़ा, उनसे आग्रह किया जाता है कि, वे कोई ऐसी बात न करें जिससे समाज में ग़लत संदेश जाए। उन्होने कहा कि, मंडल स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर का कोई भी नेता हल्की बात न करे।

उपचुनाव में दुमका सीट का महत्व

विधानसभा उपचुनाव में मुद्दे की बात की जगह आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति हो रही है। भाजपा दुमका सीट को किसी भी क़ीमत पर जीतना चाहता है। यह सीट मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छोड़ी है और अपने छोटे भाई बसंत सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी की कोशिश है कि, झामुमो को उसके घर में ही घेरा जाए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की नई टीम में झारखंड से रघुवर दास, अन्नपूर्णा देवी और समीर उरांव ने जगह बनाई है। पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते रघुवर दास दुमका और बेरमो में ज़ोर-शोर तरीके से प्रचार कर रहे हैं। लिहाज़ा, सीट जीतने की चाहते में भाषाई मर्यादा भी नज़रअंदाज़ की जा रही है।

jharkhand-govt jharkhand-bjp (Photo by social media)

ये भी पढ़ें:चीन बोला शुक्रिया: भारत ने PLA की मानी बात, लद्दाख में उठाया ये बड़ा कदम

रघुवर दास पहले भी आ चुके हैं विवादों में

झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हेमंत सोरेन पर 500 करोड़ रुपए की संपत्ति होने का आरोप लगाया था। इससे नाराज़ हेमंत ने रघुवर दास को लीगल नोटिस भेजा और सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की बात कही। हालांकि, विधानसभा चुनाव में यूपीए को बहुमत मिलने के बाद हेमंत सोरेन ने रघुवर दास के खिलाफ मुक़दमा वापस ले लिया। सबको साथ लेकर चलने की बात कहते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि, सरकार किसी के साथ भी दुर्भावना से काम नहीं करेगी। हालांकि, अब एकबार फिर झामुमो और रघुवर दास आमने-सामने हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि, वो विधानसभा चुनाव था और ये उपचुनाव है।

शाहनवाज़

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Newstrack

Newstrack

Next Story