×

Karnataka : सिद्धारमैया सरकार में नए-पुराने चेहरे, देखें कैबिनेट में कौन सबसे युवा तो कौन उम्रदराज?...जाति का खास ख्याल

Karnataka New Cabinet: कर्नाटक में कांग्रेस सरकार का गठन हो गया है। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के साथ 8 मंत्रियों ने शपथ ली है। जातीय समीकरण का खास ख्याल रखा गया है।

Aman Kumar Singh
Published on: 20 May 2023 4:54 PM GMT
Karnataka : सिद्धारमैया सरकार में नए-पुराने चेहरे, देखें कैबिनेट में कौन सबसे युवा तो कौन उम्रदराज?...जाति का खास ख्याल
X
शपथ ग्रहण के बाद CM सिद्धारमैया और अन्य (Social Media)

Karnataka's New Cabinet: कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की सरकार बन गई। सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री के तौर पर शनिवार (20 मई) को शपथ ली। डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) राज्य के उप मुख्यमंत्री बने हैं। इसके अलावा 8 विधायकों को गवर्नर थावर चंद गहलोत (Governor Thawar Chand Gehlot) ने कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई। इसी के साथ सीएम सिद्धारमैया की टीम अगले 5 साल के लिए बढ़ चली।

प्रियांक सबसे युवा तो केजे जॉर्ज बुजुर्ग

दक्षिणी राज्य कर्नाटक में गठित सरकार में नए-पुराने चेहरों और जातीय समीकरण का खास ख्याल रखा गया है। सिद्धारमैया कैबिनेट में जिन 8 चेहरों को जगह मिली है, वो हैं- जी परमेश्वर (G Parameshwara), केएच मुनियप्पा (KH Muniyappa), केजे जॉर्ज (KJ George), एमबी पाटिल (MB Patil), सतीश जारकीहोली (Satish Jarkiholi), प्रियांक खड़गे (Priyank Kharge), रामलिंगा रेड्डी (Ramalinga Reddy) और जमीर अहमद खान (Zameer Ahmed Khan) शामिल हैं। कैबिनेट में सबसे युवा मंत्री 44 वर्षीय प्रियांक खड़गे हैं, तो सबसे उम्रदराज मंत्री 76 साल के केजे जॉर्ज हैं।

कैबिनेट में जातीय समीकरण का खास ख्याल:

- जी परमेश्वर- अनुसूचित जाति (SC)
- केएच मुनियप्पा- अनुसूचित जाति (SC)
- प्रियांक खड़गे- अनुसूचित जाति (SC)
- सतीश जारकीहोली- अनुसूचित जाति- वाल्मीकि
- केजे जॉर्ज- अल्पसंख्यक- ईसाई
- एम बी पाटिल- लिंगायत
- रामलिंगा रेड्डी- रेड्डी
- जमीर अहमद खान- अल्पसंख्यक-मुस्लिम

कैबिनेट में जी. परमेश्वर दलित नेता

कर्नाटक कांग्रेस के विधायक जी परमेश्वर दलित नेता हैं। इन्होंने पहले उप मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किए जाने पर जोर दिया था। परमेश्वर की ये कर्नाटक विधानसभा चुनाव में छठी जीत है। इस बार परमेश्वर ने कोराटागेरे निर्वाचन क्षेत्र से 14 हजार से कुछ अधिक मतों के अंतर से जीते थे। उन्होंने 8 साल तक कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख के रूप में भी काम किया है।

प्रियांक खड़गे सबसे युवा मंत्री

सिद्धारमैया कैबिनेट में प्रियांक खड़गे भी हैं। प्रियांक के पिता मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। प्रियांक खड़गे इससे पहले आईटी जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्हें तीसरी बार मंत्री की कुर्सी प्राप्त हुई है। सिद्धारमैया सरकार में वो सबसे कम उम्र के मंत्री हैं। प्र‍ियांक कर्नाटक के कलबुर्गी जिले की चित्तपुर विधानसभा सीट से जीत हासिल की है।

केजे जॉर्ज सबसे उम्रदराज मंत्री

कैबिनेट में शामिल केलचंद्र जोसेफ जॉर्ज सबसे उम्रदराज मंत्री हैं। केजे जॉर्ज इससे पहले कर्नाटक के गृह मंत्री रह चुके थे। जॉर्ज पार्टी के काफी पुराने नेता हैं। साल 1968 में वो कांग्रेस में शामिल हुए थे। उनका राजनीतिक जीवन 1969 में शुरू हुआ। तब उन्हें गोनिकोप्पल टाउन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में चुना गया था। सिद्धारमैया कैबिनेट में मंत्रियों की औसत आयु 64 वर्ष है।

मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री किस समुदाय से?

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Karnataka CM Siddaramaiah) कुरुबा समुदाय से आते हैं। वहीं, उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार वोक्कालिगा समुदाय से संबंध रखते हैं। मंत्री पद के साथ-साथ मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद के लिए भी कांग्रेस ने जातीय समीकरणों को साधने की हर संभव कोशिश की है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story