×

कोलंबो में बोले PM मोदी : आज दुनिया में भारत की स्थिति हो रही मजबूत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति सचिवालय में आगंतुकों की पुस्तक पर हस्ताक्षर किया। जहाँ श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना भी उपस्थित थे। साथ ही मोदी ने श्रीलंका के विपक्ष के नेता और पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से भी मुलाकात की।

Vidushi Mishra
Published on: 9 Jun 2019 7:30 AM GMT
कोलंबो में बोले PM मोदी : आज दुनिया में भारत की स्थिति हो रही मजबूत
X

कोलंबो: पीएम नरेंद्र मोदी ने कोलंबो में इंडिया हाउस में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा: मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कई मुद्दों की बात आने पर भारतीय समुदाय और विदेशों में भारत सरकार एक ही पेज पर हैं। आज दुनिया में भारत की स्थिति मजबूत हो रही है और उस ऋण का एक बड़ा हिस्सा भारतीय प्रवासी को जाता है। मैं जहां भी जाता हूं, भारतीय प्रवासी की सफलताओं और उपलब्धियों के बारे में बताया जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति सचिवालय में आगंतुकों की पुस्तक पर हस्ताक्षर किया। जहाँ श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना भी उपस्थित थे। साथ ही मोदी ने श्रीलंका के विपक्ष के नेता और पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से भी मुलाकात की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय विदेश दौरे के अंतिम दिन रविवार को श्रीलंका पहुंच गए हैं। कोलंबो एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। उनकी अगवानी श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने की। इसके बाद पीएम मोदी ईस्टर के मौके पर श्रीलंका के जिस चर्च में आतंकी हमला हुआ था वहां पहुंचे। उन्होंने यहां आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।

यह भी देखें... PM मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति गयूम और नशीद के साथ बातचीत की

श्रीलंका में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'मुझे विश्वास है कि श्रीलंका फिर से उठेगा। आतंक के कायरतापूर्ण कृत्य श्रीलंका की भावना को नहीं हरा सकते। भारत श्रीलंका के लोगों के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है।'

प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान भारत और श्रीलंका के बीच आतंकवाद, निवेश समेत कुई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह तीसरी श्रीलंका यात्रा है। इससे पहले उन्होंने 2015 और 2017 में श्रीलंका की यात्रा की थी। श्रीलंका में पीएम मोदी का काफी व्यस्त शेड्यूल है। पीएम मोदी 11 बजे सुबह कोलंबो के भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे।

श्रीलंका पहुंचने पर पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर विमान से उतरते समय हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने इस दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद बच्चों से भी बातचीत की। बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी को फूलों का गुलदस्ता भी दिया।

यह भी देखें... आज श्रीलंका जाएंगे PM नरेंद्र मोदी, राष्‍ट्रपति सिरीसेना से करेंगे मुलाकात

पीएम मोदी ने श्रीलंका पहुंचने पर खुशी जताई। उन्होंने ट्वीट किया कि श्रीलंका आकर खूश हूं। चार साल में यह मेरी तीसरी श्रीलंका यात्रा है। उन्होंने कहा है कि भारत कभी भी अपने मित्रों को नहीं भूलता है जब उन्हें जरूरत होती है। श्रीलंका में हुए भव्य स्वागत से खुशी हुई। पीएम मोदी ईस्टर के दौरान श्रीलंका में हुए बम विस्फोट के बाद पहुंचने वाले पहले विदेशी राष्ट्राध्यक्ष हैं।

इसके बाद 12 बजकर 5 मिनट पर राष्ट्रपति के सचिवालय में उनका आधिकारिक स्वागत किया गया। 12 बजकर 25 मिनट पर पीएम मोदी राष्ट्रपति भवन में वृक्षारोपण करेंगे। इसके बाद श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना के साथ उनकी बैठक है। 12 बजकर 40 मिनट पर श्रीलंका के राष्ट्रपति के साथ के साथ पीएम दिन का खाना खाएंगे।

दोपहर एक बजकर 35 मिनट पर पीएम मोदी श्रीलंका के नेता विपक्ष के साथ मुलाकात करेंगे। इसके बाद मोदी श्रीलंका की तमिल नेशनल एलायंस के नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे। 2 बजकर 5 मिनट पर पीएम मोदी एक और कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। पीएम मोदी 3 बजे भारत के लिए रवाना हो जाएंगे।

राष्ट्रपति सिरिसेना के कार्यालय ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ घंटों के लिए रविवार को कोलंबो पहुंचेंगे। पुनर्निर्वाचित भारतीय नेता मालदीव से यहां आएंगे।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने के लिए भी श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपला सिरिसेना भारत आए थे। इसके बाद उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री को ट्विटर के जरिए बधाई दी थी। इस ट्वीट में ही उन्होंने पीएम मोदी को श्रीलंका आने का न्योता दिया था और लिखा था- जल्द आइए श्रीलंका में आपका स्वागत है।

इससे पहले शनिवार को मालदीव पहुंचे थे। नरेंद्र मोदी ने मालदीव की संसद में आतंकवाद को लेकर बिना नाम लिए पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि पानी अब सिर के ऊपर से जा रहा है। अब भी कुछ लोग गुड टेररिस्ट और बैड टेररिस्ट में फर्क करने की गलती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है।

यह भी देखें... विदेश यात्रा के दूसरे दिन आज श्रीलंका जाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि इससे निपटना बड़ी चुनौती है। हमने इसे चुनौती के रूप में नहीं लिया तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी। उन्होंने कहा था कि आतंकवादियों के न तो अपने बैंक होते हैं और ना ही हथियारों की फैक्टरी, फिर भी उन्हें पैसे और हथियारों की कभी कमी नहीं होती। पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा था कि आज राज्य प्रायोजित आतंकवाद सबसे बड़ा खतरा बना हुआ है।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story