'I.N.D.I.A' गठबंधन में दरार?कांग्रेस ने दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का किया ऐलान,..तो बैठक का मतलब नहीं

AAP-Congress I.N.D.I.A. Alliance: 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित समेत कई नेता AAP से संभावित गठबंधन का विरोध कर रहे थे। दिल्ली सेवा बिल पर कांग्रेस ने पिछले दिनों संसद के मानसून सत्र में दोनों सदनों में आम आदमी पार्टी का समर्थन किया था।

Aman Kumar Singh
Published on: 16 Aug 2023 1:21 PM GMT (Updated on: 16 Aug 2023 1:48 PM GMT)
I.N.D.I.A गठबंधन में दरार?कांग्रेस ने दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का किया ऐलान,..तो बैठक का मतलब नहीं
X
AAP-Congress I.N.D.I.A. Alliance (Social media)

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटी सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली एनडीए को टक्कर देने के लिए 26 विपक्षी पार्टियों ने 'INDIA' नाम से गठबंधन बनाया। पटना और बेंगलुरु में एक मंच पर विपक्षी पार्टियां एकजुट हुए। सभी ने बीजेपी को सत्ता से उखाड़ बाहर फेंकने की कसमें खायी। दावे और वादे भी किए। मगर, अब इस गठबंधन में दरार की ख़बरें सामने आ रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस ने सभी 7 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

कांग्रेस के इस फैसले के बाद दिल्ली की सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी (AAP) ने पलटवार किया है। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP का कहना है कि, अगर कांग्रेस ने दिल्ली में चुनाव अकेले लड़ने का फैसला लिया है तो 'इंडिया' गठबंधन की इसी महीने के अंत में होने वाली बैठक में जाने का कोई मतलब नहीं है।

I.N.D.I.A. गठबंधन पर सवाल

कांग्रेस पार्टी का ये ऐलान 'इंडिया' गठबंधन के आगामी मीटिंग पर असर डाल सकता है। आपको बता दें, I.N.D.I.A. की आगामी बैठक मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितंबर को होनी है। उससे ठीक पहले इस तरह का निर्णय गठबंधन के भविष्य पर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस पार्टी द्वारा दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का फैसला AAP से सहयोग बिना तय किया गया है। जबकि, गठबंधन के नाते यहां एक-दूसरे के सहयोग की गुंजाइश रही होगी।

कांग्रेस बोली- AAP या इंडिया गठबंधन से कोई चर्चा नहीं

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान की बुधवार (16 अगस्त) को अहम बैठक हुई। इसमें मीटिंग में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge), राहुल गांधी (Rahul Gandhi), केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे। बैठक के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने स्पष्ट तौर पर कहा कि, 'ये फैसला लिया गया है कि उनकी पार्टी दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने अपना रास्ता चुना है। इस बैठक में आम आदमी पार्टी (AAP) या इंडिया गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।'

'2025 में केजरीवाल नहीं होंगे दिल्ली के मुख्यमंत्री'

मीडिया ने जब कांग्रेस नेता अनिल चौधरी (Anil Chowdhary) से दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ गठबंधन को लेकर सवाल पूछे तो कहा कि, 'कांग्रेस पार्टी अपने संगठन को मजबूत कर एकजुटता के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा, हमने AAP की या गठबंधन की कोई चर्चा नहीं की। हमारा अपना रास्ता है। हमने 'पोल खोल यात्रा' (Pol Khol Yatra) से लेकर हर एक कोशिश की है। जिसके तहत अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) सरकार की नीतियों को एक्सपोज करें। दिल्ली शराब घोटाले से लेकर तमाम कार्रवाई हम लोगों की शिकायतों पर हुई। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि, 2024 में हम लोकसभा चुनाव जीतेंगे। 2025 में अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री नहीं होंगे। ये हमारी कोशिश रहेगी।'

संदीप दीक्षित, अजय माकन करते रहे हैं विरोध

लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर कांग्रेस के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित (Sandeep Dixit), अजय माकन (Ajay Maken) सहित अन्य नेता AAP के साथ संभावित गठबंधन का लगातार विरोध करते रहे हैं। हालांकि, पार्टी के अधिकांश नेताओं का कहना रहा है कि कांग्रेस आलाकमान का फैसला सभी को स्वीकार्य होगा।

कांग्रेस ने दिया AAP को झटका !

दरअसल, दिल्ली में तीन प्रमुख पार्टियां हैं। पहली, अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP), बीजेपी और कांग्रेस। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर एक मंच पर आईं विपक्षी पार्टियों में कांग्रेस और AAP भी शामिल है। ऐसे में कांग्रेस का राष्ट्रीय राजधानी की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला I.N.D.I.A. गठबंधन के लिए किसी झटके से कम नहीं है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story