×

लोकसभा चुनाव: कैसे बनती है वोटिंग वाली अमिट स्याही?

seema
Published on: 29 March 2019 8:06 AM GMT
लोकसभा चुनाव: कैसे बनती है वोटिंग वाली अमिट स्याही?
X
मतदाता दिवस की तैयारीः पीलीभीत में मनाया जाएगा ऐसे, निर्देश हुए जारी

अपना भारत संवाददाता

लोकसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। इस चुनाव में कई सारी पार्टियां हिस्सा ले रही हैं। सब पार्टियों का अपना-अपना वोट बैंक है। भारत के मतदाता अपनी समझ के मुताबिक अपनी पसंद के प्रत्याशियों को वोट देंगे लेकिन इन सबमें एक बात कॉमन होगी। यह है वोट डालने के बाद उंगली पर लगने वाला स्याही का निशान। यह निशान बताता है कि किसने वोट डाला है और किसने नहीं। यह निशान 15 दिनों से पहले नहीं मिट सकता। ऐसा क्या होता है इस स्याही में और क्या है इसका इतिहास, आइए जानते हैं।

यह भी पढ़ें : काशी में हो सकता है सबसे बड़ा चुनावी दंगल, प्रियंका का मोदी के खिलाफ चुनाव लडऩे का संकेत

कर्नाटक के मैसूर पर पहले वाडियार राजवंश का राज चलता था। आजादी से पहले इसके शासक महाराजा कृष्णराज वाडियार थे। वाडियार राजवंश विश्व के सबसे अमीर राजघरानों में से एक था। इस राजघराने के पास खुद की सोने की खान (गोल्ड माइन) थी। 1937 में कृष्णराज वाडियार ने मैसूर लैक एंड पेंट्स नाम की एक फैक्ट्री लगाई। इस फैक्ट्री में पेंट और वार्निश बनाने का काम होता था।

भारत के आजाद होने के बाद इस फैक्ट्री पर कर्नाटक सरकार का अधिकार हो गया। अभी इस फैक्ट्री में 91 प्रतिशत हिस्सेदारी कर्नाटक सरकार की है। 1989 में इस फैक्ट्री का नाम बदल मैसूर पेंट एंड वार्निश लिमिटेड कर दिया गया।

भारत में पहली बार चुनाव 1951-52 में हुए थे। इन चुनावों में मतदाताओं की उंगली में स्याही लगाने का कोई नियम नहीं था। चुनाव आयोग को किसी दूसरे की जगह वोट डालने और दो बार वोट डालने की शिकायतें मिलीं। इन शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने इसे रोकने के लिए कई विकल्पों पर विचार किया। इनमें सबसे अच्छा तरीका एक अमिट स्याही का इस्तेमाल करने का था।

चुनाव आयोग ने नेशनल फिजिकल लेबोरेटरी ऑफ इंडिया से ऐसी एक स्याही बनाने के बारे में बात की। एनपीएल ने ऐसी स्याही ईजाद की जो पानी या किसी रसायन से भी मिट नहीं सकती थी। एनपीएल ने मैसूर पेंट एंड वार्निश कंपनी को इस स्याही को बनाने का ऑर्डर दिया। साल 1962 में हुए चुनावों में पहली बार इस स्याही का इस्तेमाल किया गया और तब से अब तक यह स्याही ही हर चुनाव में इस्तेमाल की जाती है।

एनपीएल या मैसूर पेंट एंड वार्निश लिमिटेड ने कभी भी इस स्याही को बनाने के तरीके को सार्वजनिक नहीं किया। इसका कारण बताया गया कि अगर इस गुप्त फॉर्मूले को सार्वजनिक किया गया तो लोग इसको मिटाने का तरीका खोज लेंगे और इसका उद्देश्य ही खत्म हो जाएगा। जानकारों के मुताबिक इस स्याही में सिल्वर नाइट्रेट मिला होता है जो इस स्याही को फोटोसेंसिटिव नेचर का बनाता है। इससे धूप के संपर्क में आते ही यह और ज्यादा पक्की हो जाती है।

जब यह स्याही नाखून पर लगाई जाती है तो भूरे रंग की होती है लेकिन लगाने के बाद गहरे बैंगनी रंग में बदल जाती है। सोशल मीडिया पर एक अफवाह चली थी कि इस स्याही को बनाने में सुअर की चर्बी का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन इन अफवाहों को बकवास करार दिया गया। यह स्याही अलग-अलग रसायनों का इस्तेमाल कर बनाई जाती है।

मैसूर पेंट एंड वार्निश लिमिटेड के मुताबिक 28 देशों को इस स्याही की आपूर्ति की जाती है। इनमें अफगानिस्तान, तुर्की, दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया, नेपाल, घाना, पापुआ न्यू गिनी, बुर्कीना फासो, बुरुंडी, कनाडा, टोगो, सिएरा लियोन, मलेशिया, मालदीव और कंबोडिया शामिल हैं।

भारत इस स्याही का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। भारत में उंगली पर एक लकड़ी से यह स्याही लगाई जाती है वहीं कंबोडिया और मालदीव में उंगली को ही स्याही में डुबोया जाता है। अफगानिस्तान में पेन से, तुर्की में नोजल से, बुर्कीना फासो और बुरुंडी में ब्रश से यह स्याही लगाई जाती है।

2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार ने कहा था कि उनके समर्थक एक बार वोट डालने के बाद स्याही मिटाकर फिर वोट डालने जाएं। इस बयान के बाद मैसूर पेंट एंड वार्निश कंपनी ने कहा था कि इस स्याही को किसी भी तरह 15 दिन से पहले मिटाना संभव ही नहीं है।

seema

seema

सीमा शर्मा लगभग ०६ वर्षों से डिजाइनिंग वर्क कर रही हैं। प्रिटिंग प्रेस में २ वर्ष का अनुभव। 'निष्पक्ष प्रतिदिनÓ हिन्दी दैनिक में दो साल पेज मेकिंग का कार्य किया। श्रीटाइम्स में साप्ताहिक मैगजीन में डिजाइन के पद पर दो साल तक कार्य किया। इसके अलावा जॉब वर्क का अनुभव है।

Next Story