×

Maharashtra: मुंबई में शिवसेना शिंदे गुट के विधायक की दादागिरी, बेटे ने बंदूक की नोंक पर म्यूजिक कंपनी के सीईओ को उठाया

Maharashtra News: शिंदे गुट के विधायक प्रकाश सुर्वे के बेटे राज सुर्वे ने बुधवार को अपने कुछ लड़कों के साथ मिलकर बंदूक की नोंक पर एक म्यूजिक कंपनी के सीईओ को उसके कार्यालय से ही अगवा कर लिया।

Krishna Chaudhary
Published on: 10 Aug 2023 10:04 AM GMT
Maharashtra: मुंबई में शिवसेना शिंदे गुट के विधायक की दादागिरी, बेटे ने बंदूक की नोंक पर म्यूजिक कंपनी के सीईओ को उठाया
X

Maharashtra News: महाराष्ट्र में तीन दलों की सरकार का नेतृत्व कर रही शिवसेना शिंदे गुट के नेता सत्ता के नशे में चूर हैं। इनको पुलिस-प्रशासन किसी का भी खौफ नहीं है। राज्य की राजधानी मुंबई में घटी एक घटना इसे बयां कर रही है। शिंदे गुट के विधायक प्रकाश सुर्वे के बेटे राज सुर्वे ने बुधवार को अपने कुछ लड़कों के साथ मिलकर बंदूक की नोंक पर एक म्यूजिक कंपनी के सीईओ को उसके कार्यालय से ही अगवा कर लिया।

मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस की एक टीम विधायक के घर पहुंची और वहां किडनैप कर लाए गए म्यूजिक कंपनी के सीईओ को रेस्क्यू किया। इस मामले में आज यानी गुरूवार को मुंबई पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई है। शिंदे गुट के विधायक के बेटे राज सुर्वे और अन्य के विरूद्ध किडनैपिंग और वेपन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

मुंबई के गोरेगांव पूर्व में ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन नामक एक कंपनी है, जिसके सीईओ राजकुमार सिंह हैं। बुधवार को किसी फिल्मी सीन की तरह 10-15 अज्ञात लोग अचानक उनके दफ्तर में घुसे और वहां से जबरन उन्हें उठाकर ले गए। ये पूरी वारदात ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में 10 से 15 लोग कंपनी के कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते और एक शख्स को अपने साथ ले जाते हुए दिख रहे हैं।

क्या है पूरा मामला ?

ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन के सीईओ सीईओ राजकुमार सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को मागाठाणे सीट से शिवसेना शिंदे गुट के विधायक प्रकाश सुर्वे पर उन्हें अगवा करके ले जाया गया था। सिंह ने बताया कि उन्होंने पटना के मनोज मिश्रा को बिजनेस लोन दिया था। विधायक प्रकाश सुर्वे के बेटे राज सुर्वे और उसके साथियों ने बंदूक की नोक पर उनसे इस लोन को माफ करने के लिए कहा। साथ ही यह भी कहा कि इसके बारे में किसी को न बताए।

एक अन्य विधायक पर पत्रकार को पिटवाने का आरोप

प्रकाश सुर्वे के अलावा शिवसेना शिंदे गुट के एक और विधायक विवादों में हैं। पचोर विधानसभा सीट से विधायक किशोर पाटिल पर संदीप महाजन नामक एक पत्रकार ने अपने समर्थकों द्वारा पिटवाने का आरोप लगाया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें 5-6 लोग पत्रकार को स्कूटी से नीचे गिरा देते हैं और फिर उन पर लात-घूंसों की बरसात करने लगते हैं।

पत्रकार संदीप महाजन ने आरोप लगाया है कि जलगांव बालिका हत्याकांड में सीएम एकनाथ शिंदे की आलोचना करने के बाद विधायक ने अपने समर्थकों से उनकी पिटाई करवाई। महाजन ने विधायक पर फोन पर गाली-गलौच करने का आरोप भी लगाया है। पत्रकार की ओर से पचोर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसमें उसने खुद की जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story