×

Maharashtra Road Accident: नागपुर-पुणे हाईवे पर भयंकर हादसा, बस और ट्रक की टक्कर में 7 लोगों की दर्दनाक मौत

Maharashtra Road Accident: बुलढाणा में नागपुर-पुणे हाईवे पर एक बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें कम से कम सात लोगों के मारे जाने की खबर है। इसके अलावा 1 दर्जन से अधिक लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें कईयों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Krishna Chaudhary
Published on: 23 May 2023 10:26 AM GMT (Updated on: 23 May 2023 11:06 AM GMT)
Maharashtra Road Accident: नागपुर-पुणे हाईवे पर भयंकर हादसा, बस और ट्रक की टक्कर में 7 लोगों की दर्दनाक मौत
X
सांकेतिक तस्वीर ( सोशल मीडिया)

Maharashtra Road Accident: महाराष्ट्र से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बुलढाणा में नागपुर-पुणे हाईवे पर एक बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें कम से कम सात लोगों के मारे जाने की खबर है। इसके अलावा 1 दर्जन से अधिक लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें कईयों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को आनन फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में अफरातफरी का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतना भीषण था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटनास्थल का मंजर काफी खौफनाक था। बस और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटनास्थल पर बस में सवार यात्रियों के खून पसरे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जख्मी यात्री मदद के लिए चिल्ला रहे थे।

भीषण आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे की शिकार बनी बस राज्य सरकार के परिवहन विभाग की थी। स्थानीय लोग बस में फंसे यात्रियों की मदद के लिए दौड़े। वहीं, हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लगा गया था। दुर्घटना की जानकारी के बाद मौके पर पुलिस भी दलबल के साथ पहुंची।

नागपुर से आई पुलिस टीम ने सबसे पहले बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस ने बस से कुल सात शव बरामद किए, जो हादसे के बाद मौके पर ही दम तोड़ चुके थे। वहीं 13 अन्य यात्रियों को जख्मी अव्स्था में बाहर निकाला गया। उन्हें आनन फानन में नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। इनमें से जिनकी हालत गंभीर थी, उन्हें नागपुर रेफर किया गया है।

वहीं, हादसे के बाद हाईवे पर लगे जाम को खुलवाने के लिए क्रेन की मदद से दुर्घाटनग्रस्त बस और ट्रक हटाया गया। जिसके बाद पुनः यातायात बहाल हुई। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव को कस्टडी में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। वहीं, हादसे की वजह के बारे में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story