×

पूर्व सीएम कोरोना पॉजिटिव, राज्य में मचा हड़कंप

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पहले उन्हें क्वारंटाइन रखा गया था और अब इनका इलाज नांदेड़ के एक अस्पताल में चल रहा है। हालत स्थिर बनी हुई है।

Aradhya Tripathi
Published on: 25 May 2020 7:01 AM GMT
पूर्व सीएम कोरोना पॉजिटिव, राज्य में मचा हड़कंप
X

अंशुमान तिवारी

नई दिल्ली: देश में कोरोना का सबसे ज्यादा कहर महाराष्ट्र में दिख रहा है और अब वहां से कोरोना से संक्रमण के संबंध में एक बड़ी खबर आई है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और उद्धव ठाकरे सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री अशोक चव्हाण कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उनके कोरोना से संक्रमित होने की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया। वे कोरोना वायरस का शिकार होने वाले राज्य के दूसरे मंत्री हैं। उनसे पहले कैबिनेट में एनसीपी कोटे से मंत्री जितेंद्र अहवाद कोरोना वायरस का शिकार हुए थे।

नियमित कर रहे थे गृह जिले की यात्रा

अशोक चव्हाण को महाराष्ट्र में कांग्रेस का वरिष्ठ नेता माना जाता है और वे राज्य के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। उनके बारे में मिली जानकारी के अनुसार वे नियमित रूप से मुंबई से मराठवाड़ा स्थित अपने गृह जिले की यात्रा करते थे। माना जा रहा है कि इसी दौरान वे कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए। स्वास्थ विभाग के अधिकारियों ने चव्हाण के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि की है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस ने विदेशी जमाती पर शिकंजा कसा, 900 जमाती के खिलाफ वीजा नियमों के उल्लंघन के आरोप में चार्जशीट

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पहले उन्हें क्वारंटाइन रखा गया था और अब इनका इलाज नांदेड़ के एक अस्पताल में चल रहा है। जानकारों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री की हालत स्थिर बनी हुई है। चव्हाण से पहले राज्य के आवास मंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र अहवाद भी कोरोना से संक्रमित हो गए थे। मुंबई के एक अस्पताल में दो हफ्ते से अधिक समय तक उनका इलाज चला। अब वे कोरोना वायरस मुक्त होकर घर लौट चुके हैं।

महाराष्ट्र के अलावा इन राज्यों में कोरोना कहर

देश में कोरोना का सबसे ज्यादा कहर महाराष्ट्र में ही दिख रहा है। यहां कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 50 हजार के ऊपर पहुंच गई है। राज्य में अब तक साढ़े 14000 से अधिक लोग कोरोना वायरस से मुक्त हुए हैं जबकि करीब साढे़ 16 सौ लोगों की यह वायरस जान ले चुका है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा बुरी हालत तो मुंबई की है जहां कोविड-19 के सारे अस्पताल मरीजों से भरे हुए हैं। यहां मरने वालों की संख्या भी देश में सबसे ज्यादा है।

ये भी पढ़ें- सेना से कांपे आतंकी: खूंखार आका का हुआ ये हाल, लगातार चल रही मुुठभेड़

महाराष्ट्र के बाद कोरोना का सबसे ज्यादा संक्रमण तमिलनाडु में दिख रहा है। यहां करीब 16000 लोग अभी तक कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि यहां मौतों का आंकड़ा महाराष्ट्र और गुजरात से काफी कम है। कोरोना से संक्रमित राज्यों में गुजरात तीसरे और दिल्ली चौथे नंबर पर है। उसके बाद राजस्थान और महाराष्ट्र का नंबर है। इन दोनों राज्यों में भी कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है।

Aradhya Tripathi

Aradhya Tripathi

Next Story