×

Gandhi Great Grandson: कौन हैं महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी, जिनको पुलिस ने लिया हिरासत में

Mahatma Gandhi Great Grandson: तुषार गांधी ने खुद ट्वीट करते हुए खुद को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी। तुषार गांधी ने खुद को सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में डिटेन किए जाने की जानकारी दी।

Anshuman Tiwari
Published on: 9 Aug 2023 6:02 AM GMT (Updated on: 9 Aug 2023 6:11 AM GMT)
Gandhi Great Grandson: कौन हैं महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी, जिनको पुलिस ने लिया हिरासत में
X
Mahatma Gandhi Great Grandson tushar gandhi Arrested (photo: social media )

Mahatma Gandhi Great Grandson: मुंबई में 'भारत छोड़ो आंदोलन' की बरसी मनाने के लिए निकले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। तुषार गांधी ने खुद ट्वीट करते हुए खुद को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी। तुषार गांधी ने खुद को सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में डिटेन किए जाने की जानकारी दी। उनका कहना था कि घर से निकलते ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
हालांकि कुछ देर बाद नई जानकारी देते हुए तुषार गांधी ने बताया कि पुलिस की ओर से उन्हें 'भारत छोड़ो आंदोलन' की बरसी पर निकाले जाने वाले मार्च में शामिल होने की अनुमति दे दी गई है। उन्होंने अपने नए ट्वीट में लिखा कि अब मुझे जाने की इजाजत दी जा रही है। अगस्त क्रांति मैदान की ओर प्रस्थान। इंकलाब जिंदाबाद। तुषार गांधी को हिरासत में लिए जाने के संबंध में अभी तक मुंबई पुलिस की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।

घर से निकलने पर पुलिस ने लिया हिरासत में

तुषार गांधी ने पहले अपने ट्वीट में लिखा कि आजाद भारत के इतिहास में पहली बार मुझे हिरासत में लिया गया है। मैं 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की बरसी मनाने के लिए घर से निकला था मगर सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में मुझे डिटेन कर लिया गया। मुझे अपने दादा-दादी महात्मा गांधी और बा पर गर्व है जिन्हें इसी ऐतिहासिक तारीख पर अंग्रेजों ने हिरासत में लिया था।
ट्विटर पर एक यूजर को रिप्लाई करते हुए तुषार गांधी ने लिखा कि अगस्त क्रांति मैदान में एक शांतिपूर्ण मार्च निकालने की तैयारी थी मगर इसे कानून व्यवस्था के लिए चुनौती के रूप में देखा गया।
तुषार गांधी ने ट्वीट में लिखा कि जैसे ही उन्हें छोड़ा जाएगा वे अगस्त क्रांति मैदान की और कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि यह शहीदों की याद दिलाने वाला दिन है और इसलिए अगस्त क्रांति दिवस जरूर मनाया जाएगा। बाद में तुषार ने अपने ट्वीट में जानकारी दी कि उन्हें पुलिस की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति दे दी गई है और अब वे अगस्त क्रांति मैदान की ओर रवाना हो गए हैं।

तीस्ता के घर के बाहर पुलिस की तैनाती

भारत छोड़ो आंदोलन की बरसी पर हर साल गिरगांव चौपाटी पर स्थित तिलक प्रतिमा से अगस्त क्रांति मैदान तक मार्च निकाला जाता है। कहा जा रहा है कि पुलिस की ओर से बुधवार की सुबह महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी और तीस्ता सीतलवाड़ से मार्च में हिस्सा न लेने को कहा गया था। तुषार गांधी के मार्च में शामिल होने के लिए निकलने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उनके साथ 50 अन्य कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया था।
दूसरी ओर तीस्ता सीतलवाड़ ने कहा कि उन्हें घर में रहने के लिए मजबूर कर दिया गया है। तीस्ता ने अपने ट्वीट में बताया कि मुझे मार्च में हिस्सा लेने से रोकने के लिए मेरे घर के बाहर 20 पुलिस जवानों की टुकड़ी को तैनात कर दिया गया है।

राहुल गांधी की यात्रा में लिया था हिस्सा

तुषार गांधी पिछले दिनों कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लेने के कारण चर्चा में आए थे। उन्होंने बुलढाणा में राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था। उनका पूरा नाम तुषार अरुण गांधी है और उनके पिता अरुण मणिलाल गांधी पत्रकार थे।
वे गांधी जी के बेटे मणिलाल गांधी के पोते हैं। कस्तूरबा गांधी से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी बेटी का नाम कस्तूरी रखा है। वे अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं और उन्होंने गुजरात में महात्मा गांधी फाउंडेशन की स्थापना भी की है। वे बीच-बीच में गुजरात का दौरा भी करते रहते हैं।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story