×

Manipur: महिलाओं को नग्न कर दरिंदगी मामले में अब तक 6 आरोपी अरेस्ट, मिजोरम में मैतई लोगों को राज्य छोड़ने को कहा

Manipur Viral Video: मणिपुर में महिलाओं को नग्न कर घुमाने की घटना का वीडियो देखने के बाद लोगों का गुस्सा बेकाबू है। मणिपुर के पड़ोसी राज्य मिजोरम में मैतई समुदाय के लोगों को एक पूर्व उग्रवादी संगठन ने राज्य छोड़ने को कहा है।

Aman Kumar Singh
Published on: 22 July 2023 5:32 PM GMT
Manipur: महिलाओं को नग्न कर दरिंदगी मामले में अब तक 6 आरोपी अरेस्ट, मिजोरम में मैतई लोगों को राज्य छोड़ने को कहा
X
प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Manipur Violence: मणिपुर के कांगपोकपी जिले (Kangpokpi District) में बीते 4 मई को दो जनजातीय महिलाओं को नग्न कर घुमाने मामले में अब तक 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। मणिपुर पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शनिवार (22 जुलाई) को ट्वीट कर ये जानकारी दी। ट्वीट में लिखा, एक किशोर सहित अब तक 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें 5 मुख्य अभियुक्त शामिल हैं।

गौरतलब है कि, हाल ही में मणिपुर में दो आदिवासी समुदाय की महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने वाला 26 सेकंड का वीडियो सामने आया था। आरोप ये भी है कि भीड़ ने महिलाओं को मुक्त करने से पहले उनका यौन उत्पीड़न (Manipur Women Sexual Harassment) किया था। इस संबंध में अब तक पांच मुख्य आरोपियों सहित 6 गिरफ्तारी हुई है।

संसद से सड़क तक दिखी लोगों की नाराजगी

मानवता को शर्मसार करने वाले वीडियो वायरल होने के बाद हर किसी के मोबाइल तक पहुंच गया। देश भर में इस वीडियो को देखने वालों का दिल पसीज गया। लोगों में गुस्सा और उबाल है। देशभर के लोग आक्रोशित नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद कई राज्यों में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। संसद से सड़क तक लोगों की नाराजगी दिख रही है।

पीड़िता में एक सैनिक की पत्नी भी

कुकी समुदाय की जिन दो महिलाओं के साथ ये शर्मनाक घटना घटित हुई, उनमें से एक भारतीय सेना (Indian Army) के पूर्व सैनिक की पत्नी है। ये सैनिक असम रेजिमेंट (Assam Regiment) में सूबेदार के पद पर अपनी सेवाएं दे चुका है। यह सैनिक कारगिल युद्ध (kargil war) में भी अपनी अहम भूमिका निभा चुका है। उसे अफ़सोस है कि वो अपनी पत्नी की आबरू नहीं बचा सका। हालांकि, इस मामले में अभी तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मिजोरम में मैतई लोगों को राज्य छोड़ने को कहा

इसी बीच, मिजोरम (Mizoram) में पूर्व उग्रवादियों के एक संगठन ने राज्य में रह रहे मैतई समुदाय के लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से अपने गृह राज्य में चले जाने को कहा है। संगठन का कहना है कि मणिपुर में दो महिलाओं की नग्न परेड और छेड़छाड़ की घटना से मिजो युवाओं में खासा रोष है।

सुरक्षा के लिहाज से अपने गृह राज्य चले जाएं

मिजोरम की राजधानी आइजोल (Aizawl) में पूर्व उग्रवादियों के संगठन 'पीस एकॉर्ड एमएनएफ रिटर्नीज एसोसिएशन' (PAMRA) ने 21 जुलाई को एक बयान जारी किया। जिसमें उसने कहा, मिजोरम में स्थिति तनावपूर्ण है। मणिपुर में उपद्रवियों की ओर से किए गए बर्बर और जघन्य कृत्यों के मद्देनजर मणिपुर के मैतई समुदाय के लोगों के लिए मिजोरम में रहना अब सुरक्षित नहीं है। न्यूज़ चैनल 'आज तक' के अनुसार, बयान में कहा गया कि पीएएमआरए मिजोरम के सभी मैतई लोगों से अपील करता है कि वे सुरक्षा के लिहाज से अपने गृह राज्य चले जाएं।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story